रायगढ़/बाल दिवस के उपलक्ष्य में स्थानीय विद्यालय परिसर में सरस्वती साइकिल वितरण समारोह उत्साह, उमंग और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ,अभिभावक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण बालिका शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के संकल्प से ओतप्रोत रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान रहीं,जिनकी प्रेरणादायी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ा दी। अपने उद्बोधन में उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए कहा,“शिक्षित बालिका ही समृद्ध समाज की पहचान है।” उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बालिकाएँ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और ऐसे प्रोत्साहन कार्यक्रम उनके आत्मविश्वास को और अधिक मजबूत बनाते हैं। मुख्य अतिथि ने कक्षा नवमी की बालिकाओं को साइकिल वितरित कर उन्हें उच्च शिक्षा की ओर आगे बढ़ने का प्रेरणादायी संदेश दिया।
समारोह की अध्यक्षता SMDC अध्यक्ष सुरेन्द्र पाल ने की। उन्होंने विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए किए जा रहे कार्यों का विस्तृत उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार बच्चों के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बालिकाओं के लिए संचालित योजनाओं को शिक्षा के प्रचार-प्रसार में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती सुशीला डनसेना भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को सशक्त बनाने तथा बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से साइकिल वितरण योजना को अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने विद्यालय परिवार के अथक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई प्रदान की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कामता नाथ तिवारी ने सभी अतिथियों का फूलमालाओं एवं स्मृति चिह्न के साथ स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का प्रमुख उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाना है। बाल दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा की और उन्हें निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय में चित्रकला,निबंध,लेखन,भाषण,कविता पाठ तथा खेलकूद जैसी कई प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। बच्चों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी कला, प्रतिभा एवं ज्ञान का शानदार प्रदर्शन किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने सभी मुख्य अतिथियों,अभिभावकों और ग्रामवासियों का हृदयपूर्वक आभार व्यक्त किया। साथ ही बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ देते हुए विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।



