मुंगेली/राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज शहर के पुराने बस स्टैंड परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महात्मा गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता को नमन किया और उनके बताए सत्य,अहिंसा एवं भाईचारे के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य,अहिंसा,प्रेम और सामाजिक सद्भाव के सिद्धांत आज भी समाज और देश को सही दिशा दिखाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गांधी जी के विचारों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। वहीं मंडल अध्यक्ष जीतू श्रीवास्तव ने भी गांधी जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम का वातावरण गांधी जी के नारों और उनके आदर्शों की चर्चा से भावुक एवं प्रेरणादायक बना रहा।


श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात धान खरीदी एवं मनरेगा बचाव संग्राम के तहत शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक गुप्ता के नेतृत्व में बिलासपुर रोड कलेक्ट्रेट कार्यालय के पास एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्का जाम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा,वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने किसानों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए दीपक गुप्ता ने कहा कि किसानों की धान खरीदी समय पर नहीं होने और मनरेगा कार्यों में बाधा के कारण ग्रामीण क्षेत्र के मजदूरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र धान खरीदी शुरू करने और मनरेगा कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।


इस अवसर पर जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा,संजीत बनर्जी,दिलीप बंजारा,चुरावन मंगेशकर,आत्मा सिंह क्षत्रिय,नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,संजय यादव,सागर सोलंकी,अभिलाष सिंह,सुरज यादव,राजेश छेदईया,आनंद सोनी,लक्की गर्ग,नीरज यादव,कौशल सिंह क्षत्रिय,अजय साहू,श्रवण सोनकर,जग्गू ठाकुर,नामदेव बंजारा,संजय ठाकुर,महेंद्र यादव,आरिफ खोखर,मकबूल खान,प्रिंशु दुबे,मंजीत रात्रे,उर्मिला यादव,मंजू शर्मा,ललिता सोनी,निधि ठाकुर,निधि पौराणिक,वैशाली सोनी,साधना वर्मा,आराधना तिवारी,राजू खान,प्रतीक ताम्रकार,सूरज मंगलानी,जय सोनी,निज़ाम खान,दिलीप सोनी,श्री ठाकुर,जलेश यादव,बिल्लू यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामाजिक सद्भाव,अहिंसा और किसानों-मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।



