मुंगेली/गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद मुंगेली के अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने प्रदेश एवं नगरवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने देश के संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को स्मरण करते हुए कहा कि देश की आज़ादी के बाद संविधान का निर्माण कर 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया, जिससे आम जनता को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार मिला।
श्री शुक्ला ने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को अपने हक और अधिकारों के प्रति जागरूक किया और समानता,स्वतंत्रता व न्याय की भावना को मजबूत किया। उन्होंने बताया कि आज भारत पूरी दुनिया में सूरज की तरह चमक रहा है और विकसित देशों की श्रेणी में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। विज्ञान,तकनीक,शिक्षा,रक्षा और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है, जिस पर हर भारतीय को गर्व है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं बल्कि यह हमें हमारे कर्तव्यों की याद दिलाने का दिन है। हमें संविधान में निहित मूल्यों को आत्मसात कर देश की एकता,अखंडता और विकास के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए। उन्होंने नगरवासियों से आह्वान किया कि वे लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
अपने संदेश के अंत में रोहित शुक्ला ने कहा कि हमें गर्व है कि हम ऐसे महान लोकतांत्रिक देश के वासी हैं,जहां हर नागरिक को समान अधिकार प्राप्त हैं। उन्होंने सभी से मिल-जुलकर देश और नगर के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने की अपील की।



