मुंगेली/छत्तीसगढ़ उर्दू एकादमी के सदस्य एवं पूर्व पार्षद एजाज खोखर ने 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों एवं नगरवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस पावन अवसर पर उन्होंने देश के संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को याद करते हुए नागरिकों से एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
एजाज खोखर ने अपने संदेश में कहा कि 26 जनवरी का दिन भारतीय इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज ही के दिन देश में संविधान लागू हुआ था, जिसके तहत आम आदमी को अपने अधिकारों, कर्तव्यों और स्वतंत्रता की जानकारी मिली। संविधान ने हर नागरिक को समानता, न्याय और अभिव्यक्ति की आज़ादी प्रदान की, जिससे देश एक मजबूत लोकतंत्र के रूप में स्थापित हुआ।
उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की आत्मा है, जो हमें भाईचारे,आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। आज के समय में आवश्यक है कि हम संविधान के मूल सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारें और देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखें।
एजाज खोखर ने युवाओं से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि वे संविधान में निहित अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझें और जिम्मेदार नागरिक बनकर देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से गणतंत्र दिवस को शांति,सद्भाव और राष्ट्रीय गौरव के साथ मनाने की अपील की।



