मुंगेली/जिला कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में जिले की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल,डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और आम नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में संचालित 42 पेट्रोल पंपों पर वर्तमान में 4 लाख 33 हजार 800 लीटर पेट्रोल तथा 4 लाख 15 हजार 700 लीटर डीजल उपलब्ध है। इसके अलावा,गैस एजेंसियों में 2 हजार 294 घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने कहा कि आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है और आवश्यकता के अनुसार नियमित सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में आकर अनावश्यक रूप से पेट्रोल,डीजल या गैस का भंडारण न करें। ऐसा करने से कृत्रिम संकट उत्पन्न हो सकता है,जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
कलेक्टर ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। इसके तहत सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है,सही और तथ्यात्मक जानकारी का त्वरित प्रसार किया जा रहा है तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है,ताकि जिले में सामान्य स्थिति बनी रहे।
प्रशासन ने जारी की हेल्पलाइन नंबर
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे केवल अपनी आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन और गैस का उपयोग करें तथा किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें। किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए संबंधित विभाग से संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा टोल-फ्री नंबर 18002333663 और कॉल सेंटर के नंबर 9406275513,9406275514,9406275534,9406275535 एवं 0775529903 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
प्रेस कांफ्रेंस में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी,अपर कलेक्टर जी.एल. यादव सहित विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



