बिलासपुर/छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में प्रदेश के व्यापार जगत के लिए एक गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण उस समय देखने को मिला,जब मुंगेली जिले की दो प्रतिष्ठित व्यापारिक हस्तियों नारूमल आरतानी एवं प्रेमचंद लुनिया को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए ‘छत्तीसगढ़ व्यापार रत्न’ सम्मान से अलंकृत किया गया। यह भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स रायपुर तथा बी.एन.आई. (BNI) बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान केवल व्यापारिक सफलता का प्रतीक नहीं है,बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, व्यापारिक नैतिकता को बढ़ावा देने और सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए दिया गया है। सम्मानित दोनों वरिष्ठ व्यापारी दशकों से व्यापारिक हितों की रक्षा करते आ रहे हैं और उन्होंने अपने कार्यों से उद्योग जगत में विश्वास, पारदर्शिता और अनुशासन की मिसाल पेश की है।
समारोह में बिलासपुर एवं रायपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स के वरिष्ठ पदाधिकारी,बी.एन.आई. के सदस्यगण तथा बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ दोनों विभूतियों का अभिनंदन किया।
सम्मान प्राप्त करने के पश्चात नारूमल आरतानी एवं प्रेमचंद लुनिया ने आयोजकों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय है और उन्हें भविष्य में भी व्यापार जगत एवं समाज के हित में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
इस उपलब्धि पर प्रदेश भर के विभिन्न व्यापारी संगठनों, सहयोगियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उक्त जानकारी छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के मीडिया प्रभारी प्रितेश अज्जू आर्य द्वारा दी गई।





