मुंगेली/नगर के नवागढ़ रोड में करीब 25 लाख रुपये की लागत से निर्माण किए जा रहे साहू समाज के सामुदायिक भवन का निरीक्षण नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला द्वारा किया गया। इस दौरान नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) होरी सिंह ठाकुर भी उनके साथ मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने ठेकेदार मुकेश पांडेय को निर्माण कार्य को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि भवन निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। निर्माण कार्य तय मानकों के अनुसार समय पर पूरा हो,इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
रोहित शुक्ला ने कहा कि यह सामुदायिक भवन साहू समाज के सामाजिक कार्यक्रमों,बैठकों और आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगा। नगर के विकास में ऐसे कार्य महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और नगर पालिका की प्राथमिकता है कि जनता को बेहतर सुविधाएं मिलें।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के सहायक अभियंता विद्यानंद मधुकर यादव भी उपस्थित रहे। उन्होंने तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी और कार्य की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए आवश्यक सुधार के सुझाव भी दिए।
नगरवासियों और साहू समाज के लोगों ने सामुदायिक भवन के निर्माण पर खुशी जताई और नगर पालिका के इस प्रयास की सराहना की।



