मुंगेली/होली के दिन बिलासपुर मुख्य मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए युवक के परिवार की मदद के लिए जनप्रतिनिधि आगे आए हैं। रामगोपाल तिवारी वार्ड निवासी रितेश यादव (पिता भरत यादव) इस दुर्घटना में घायल हो गए थे,जिनका इलाज वर्तमान में बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में जारी है।
घटना की जानकारी मिलने पर वार्ड पार्षद एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा स्वयं घायल युवक के घर पहुंचे। उन्होंने परिवारजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने अपनी ओर से 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की,जिससे उपचार में कुछ सहयोग मिल सके।
जयप्रकाश मिश्रा ने परिवार को भरोसा दिलाया कि वे नगर विधायक पुन्नूलाल मोहले से चर्चा कर आगे भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा समाज और प्रशासन परिवार के साथ खड़ा है।
बताया जा रहा है कि घायल युवक का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और इलाज का खर्च उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों की यह पहल परिवार के लिए राहत लेकर आई है।
इस अवसर पर अवधेश पाठक,पूर्व पार्षद सत्यनारायण (सत्तू) सोनी,गोकुलेश सिंह,राजू सोनी,गौरी सोनी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



