मुंगेली/में भारतीय जनता युवा मोर्चा की नगर कार्यकारिणी की घोषणा के बाद संगठन में नई ऊर्जा का संचार देखने को मिला। घोषित नई टीम में वासुदेव देवांगन को नगर अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है,वहीं रवि साहू और वासु पाण्डेय को महामंत्री बनाया गया है।
नई नियुक्तियों के बाद नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने सभी पदाधिकारियों का पुष्प भेंट कर स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अवसर पर उन्होंने कहाकि संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करें। उन्होंने पार्टी की रीति-नीति का पालन करते हुए संगठन को मजबूत करने की दिशा में कार्य करने पर जोर दिया।
जयप्रकाश मिश्रा ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों के उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना करते हुए कहाकि युवा मोर्चा हमेशा से पार्टी की ताकत रहा है और नई टीम के नेतृत्व में संगठन को और मजबूती मिलेगी।
इस दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राकेश साहू भी मौजूद रहे। उन्होंने भी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया और सभी ने नई टीम के साथ मिलकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।



