मुंगेली/नगर में सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर आम नागरिकों की परेशानी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। इसी गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए मुंगेली नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने मंगलवार को कलेक्टर के नाम अतिरिक्त कलेक्टर जी. एल. यादव को एक ज्ञापन सौंपा।
सौंपे गए ज्ञापन में अध्यक्ष श्री शुक्ला ने बताया कि नगर मुंगेली के मुख्य मार्गों की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे और टूटी सड़कें आमजनों के लिए मुसीबत का सबब बनी हुई हैं। खराब सड़कों के कारण नागरिकों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, वहीं कभी भी अप्रिय दुर्घटना घटित होने की आशंका बनी हुई है।
अध्यक्ष श्री शुक्ला ने ज्ञापन में कहा कि नगर के चारों ओर मुख्य मार्गों की मरम्मत एवं निर्माण कार्य तत्काल कराया जाए,जिससे आम नागरिकों को राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि स्वीकृत मुख्य मार्गों के निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द प्रारंभ कराया जाए ताकि जनता को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके।
ज्ञापन में विशेष रूप से जिन मार्गों की मरम्मत और निर्माण की मांग की गई है,वे हैं —
- मुंगेली–बिलासपुर मार्ग
- मुंगेली-पंडरिया मार्ग
- मुंगेली-लोरमी मार्ग
- मुंगेली-रायपुर मार्ग
अध्यक्ष श्री शुक्ला ने कहाकि इन प्रमुख मार्गों की दुर्दशा को देखते हुए नगरवासियों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि जनहित में त्वरित कार्यवाही करते हुए शीघ्रातिशीघ्र इन सड़कों की मरम्मत शुरू कराई जाए।
स्थानीय नागरिकों ने भी नगर पालिका अध्यक्ष की इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द ही इन मार्गों की मरम्मत कराकर नागरिकों को राहत प्रदान करेगा। इस दौरान अजय साहू पार्षद,कुलदीप पाटले पार्षद सहित नगर के अन्य नागरिक उपस्थित रहे



