मुंगेली/विश्व क्षय (टीबी) दिवस के अवसर पर कलेक्टर जनदर्शन सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर विधायक पुन्नूलाल मोहले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों,जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अपने संबोधन में जिला अस्पताल की वर्तमान स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहाकि आम जनता को जो बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए,वे उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
रोहित शुक्ला ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से सीधे सवाल करते हुए कहा कि क्या जिले और नगर की स्वास्थ्य सेवाएं केवल कागजों तक ही सीमित रह गई हैं। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में न तो पर्याप्त दवाएं उपलब्ध हैं और न ही डॉक्टरों की पर्याप्त संख्या है,जिससे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक कि आम नागरिकों के लिए ब्लड टेस्ट जैसी बुनियादी जांच भी समय पर नहीं हो पा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लाखों रुपये की लागत से जिला अस्पताल में सिटी स्कैन मशीन स्थापित की गई है,जिसका उद्देश्य आम जनता को बेहतर सुविधा देना था। लेकिन यह मशीन लोकार्पण के इंतजार में धूल खा रही है और अब तक इसका लाभ लोगों को नहीं मिल पाया है,जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं की खामियों को लेकर अपनी चिंता जाहिर की और सुधार की मांग की। विश्व क्षय दिवस जैसे महत्वपूर्ण मौके पर स्वास्थ्य व्यवस्था की यह हकीकत सामने आना प्रशासन के लिए एक गंभीर संकेत माना जा रहा है।
अब देखना होगा कि इस मुद्दे पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग कितनी गंभीरता से कदम उठाते हैं और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं कब तक उपलब्ध हो पाती हैं।



