
मुंगेली/नगर पालिका क्षेत्र के नवागढ़ रोड स्थित पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम परिसर में निर्माणाधीन चौपाटी का निरीक्षण नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति,गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के बारे में ठेकेदारों से विस्तृत जानकारी ली।
इस अवसर पर ठेकेदार मयंक जैन और अमन केशरवानी ने बताया कि चौपाटी का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी कार्यों को पूर्ण कर 31 मार्च तक नगर पालिका को हैंडओवर कर दिया जाएगा।
परियोजना के तहत इस चौपाटी में कुल 12 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है,साथ ही परिसर की आकर्षक साज-सज्जा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस पूरे निर्माण कार्य पर लगभग 60 लाख रुपये की लागत आ रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और समयसीमा के भीतर ही इसे पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहाकि यह चौपाटी शहरवासियों के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित की जा रही है।
चौपाटी के पूर्ण होने के बाद मुंगेली के नागरिकों को एक सर्वसुविधायुक्त मनोरंजन स्थल मिलेगा,जहां वे अपने परिवार के साथ समय बिता सकेंगे। यहां गार्डन,बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे लोगों को सुकून और मनोरंजन का नया ठिकाना मिलेगा।
यह परियोजना शहर के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है और इससे स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।





