मुंगेली/नगर पालिका क्षेत्र के शिवाजी वार्ड में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या के समाधान की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया। नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला के द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बोर खनन कार्य का शुभारंभ किया गया। इस पहल से वार्डवासियों में खुशी और राहत का माहौल देखने को मिला।
शिवाजी वार्ड के निवासी बीते कई दिनों से पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे थे। धीरे-धीरे यह समस्या गंभीर रूप लेती जा रही थी, जिससे रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे थे। वार्डवासियों ने अपनी परेशानी से वार्ड पार्षद सुरज यादव को अवगत कराया। पार्षद सुरज यादव ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला के समक्ष रखा।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने वार्डवासियों की समस्या को प्राथमिकता देते हुए तुरंत बोर खनन कार्य की स्वीकृति दी। उनके प्रयासों से शिवाजी वार्ड में बोर खनन कार्य शुरू हो सका। बोर खनन पूरा होने के बाद वार्डवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे पानी की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद सुरज यादव, कांग्रेस जिला महामंत्री संजय यादव, राहुल रूपवानी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। सभी ने नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला और पार्षद सुरज यादव का आभार व्यक्त किया और इस पहल को जनहित में लिया गया सराहनीय कदम बताया।
वार्डवासियों का कहना है कि बोर खनन से अब उन्हें पीने के साफ पानी की सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही परेशानी का अंत होगा। नगर पालिका द्वारा किए गए इस कार्य से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है और लोगों में विश्वास बढ़ा है।





