मुंगेली/दीपावली पर्व को स्वच्छता और रोशनी से सराबोर करने की दिशा में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर के विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत दिनदयाल वार्ड से की गई, जहां उन्होंने सफाई व्यवस्था और नगर में स्थापित स्ट्रीट लाईट की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष श्री शुक्ला ने जहां-जहां खराब लाईटें पाई गईं,वहां तत्काल मरम्मत या नई लाईट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को दीपावली से पूर्व समूचे नगर में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने का आदेश दिया ताकि त्यौहार के अवसर पर पूरा शहर जगमगाता हुआ और आकर्षक नजर आए।
इसके साथ ही उन्होंने मुख्य बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और वार्ड क्षेत्रों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था की गुणवत्ता की भी समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।
अध्यक्ष श्री शुक्ला ने नागरिकों से अपील की कि वे गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबिन में डालें तथा कचरा केवल नगर पालिका के वाहनों में ही दें। उन्होंने कहा कि अगर हर नागरिक स्वच्छता में सहयोग देगा,तो मुंगेली को “स्वच्छ और सुंदर शहर” बनाने का सपना शीघ्र ही साकार होगा।
दीपावली के पावन अवसर को देखते हुए नगर पालिका की टीम द्वारा पूरे शहर में सफाई,रोशनी और सजावट की व्यापक तैयारी की जा रही है। अध्यक्ष श्री शुक्ला ने बताया कि इस बार मुंगेली को “स्वच्छ मुंगेली–जगमग मुंगेली” के रूप में प्रस्तुत करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि पूरा जिला दीपों की रोशनी में नहाया नजर आए।
श्री शुक्ला ने कहाकि, “स्वच्छता एक आदत नहीं,बल्कि संस्कार है। यदि हम सब मिलकर इसका पालन करें, तो न सिर्फ त्योहार,बल्कि हमारा हर दिन उजाला और उमंग से भरा रहेगा।”



