मुंगेली। अखिल ब्रह्मांड के नायक श्री बांके बिहारी जी की असीम कृपा से जिला पुलिस बल मुंगेली के शहीद एवं स्वर्गीय पुलिस कर्मियों की पावन स्मृति में उनकी आत्मा की शांति और मोक्ष हेतु श्रीमद्भागवत ज्ञान सप्ताह यज्ञ का आयोजन पुलिस परिवार मुंगेली द्वारा किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन 08 सितंबर से 15 सितंबर 2025 तक पुराना पुलिस कॉलोनी,बचपन स्कूल के पास मुंगेली में संपन्न होगा।
कलश यात्रा से होगा शुभारंभ
आयोजन की शुरुआत 08 सितंबर 2025, सोमवार को प्रातः 10 बजे कलश यात्रा से होगी। इसी दिन शाम 4 बजे से कथा का मंगल प्रारंभ होगा।
प्रतिदिन होंगे पावन प्रसंग
श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह में प्रत्येक दिन भक्तों को अलग-अलग दिव्य प्रसंगों का रसपान कराया जाएगा –
- 09 सितंबर (मंगलवार): परीक्षित जन्म एवं वाराह अवतार
- 10 सितंबर (बुधवार): ध्रुव एवं प्रह्लाद चरित्र
- 11 सितंबर (गुरुवार): श्रीराम कथा एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
- 12 सितंबर (शुक्रवार): बाल लीलाएँ एवं गोवर्धन पूजा
- 13 सितंबर (शनिवार): श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह
- 14 सितंबर (रविवार): सुदामा चरित्र एवं कथा विश्राम
- 15 सितंबर (सोमवार): हवन,पूर्णाहुति एवं सहस्त्रधारा
कथा व्यास एवं यज्ञाचार्य
इस पावन कथा का वाचन एवं प्रवचन यज्ञाचार्य गुरुदेव भगतराम मिश्र (बरपाली) के मुखारविंद से होगा। साथ ही उमाकांत मिश्र एवं सूरज मिश्र (बरपाली) भी आयोजन में प्रमुख भूमिका निभाएंगे।
पुलिस परिवार कर रहा है आयोजन
इस दिव्य ज्ञान यज्ञ का आयोजन जिला पुलिस एवं पुलिस बल मुंगेली के पुलिस परिवार द्वारा किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य शहीद पुलिस कर्मियों की स्मृति को अमर करना एवं समाज में धर्म, संस्कृति और अध्यात्म का प्रसार करना है।
जिले वासियों को पुलिस परिवार का स्नेहिल आमंत्रण
आयोजक मंडल ने जिलेवासियों एवं आस-पास के क्षेत्रों के श्रद्धालुजनों से अनुरोध किया है कि वे सपरिवार एवं ईष्ट-मित्रों सहित इस सात दिवसीय कथा में पधारकर कथा रस रूपी गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करें और अपने जीवन को कृतार्थ बनाएं।



