मुंगेली/जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली की नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही संगठन में उत्साह और नई ऊर्जा का माहौल देखने को मिल रहा है। जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के अनुमोदन के बाद पदाधिकारियों की सूची जारी की। इस नई टीम में संगठनात्मक संतुलन और सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का विशेष ध्यान रखा गया है।
नई कार्यकारिणी में पार्षद दिलीप सोनी को जिला सचिव नियुक्त किया गया है,जिससे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही समर्थकों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
दिलीप सोनी लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय हैं और लगातार जनसेवा में जुटे रहे हैं। उनकी मेहनत,समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। स्थानीय कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनकी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
समर्थकों ने कहा कि दिलीप सोनी के जिला सचिव बनने से न केवल पार्टी संगठन मजबूत होगा,बल्कि क्षेत्र में विकास कार्यों को भी नई दिशा मिलेगी। इस अवसर पर कई गणमान्य नागरिकों और पार्टी पदाधिकारियों ने भी उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नई कार्यकारिणी के गठन के साथ कांग्रेस संगठन मुंगेली में आगामी चुनावों और जनहित के मुद्दों को लेकर अधिक सक्रिय नजर आ रहा है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि यह नई टीम संगठन को जमीनी स्तर पर और सशक्त बनाएगी।



