मुंगेली/मुंगेली पुलिस विभाग में पदस्थ रहे जितेंद्र गौतम की असमय हुई दुर्घटना में मौत ने उनके पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया था। जितेंद्र अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। परिवार की उम्मीदों और सहारे के रूप में माने जाने वाले जितेंद्र की अकाल मृत्यु से माँ शकुन्तला गौतम और छोटी बहन स्मिता गौतम पूरी तरह टूट चुकी हैं।
इसी बीच मुंगेली पुलिस परिवार द्वारा शहीद एवं स्वर्गीय पुलिस कर्मियों के पावन स्मृति में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन कराया जा रहा है। इस आयोजन में जब माँ शकुन्तला गौतम और बहन स्मिता गौतम पहुँचीं,तो वहाँ पुत्र जितेंद्र गौतम की तस्वीर देखकर माँ की आँखों से आंसू रुक नहीं पाए। वे फूट-फूटकर रो पड़ीं और भावनाओं को सँभालते हुए एसपी भोजराम पटेल से कहा— “आज सही मायनों में मेरे बेटे को मोक्ष की प्राप्ति हुई है।”
माँ के इन शब्दों ने वहाँ मौजूद हर किसी की आँखें नम कर दीं। उन्होंने भागवत कथा जैसे पुण्य आयोजन के लिए एसपी भोजराम पटेल सहित पूरे पुलिस परिवार का आभार व्यक्त किया।

जितेंद्र गौतम की कमी उनके परिवार और पुलिस महकमे में हमेशा खलती रहेगी,लेकिन इस तरह के धार्मिक आयोजनों से न केवल दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना होती है,बल्कि परिजनों को भी मानसिक संबल मिलता है।



