मुंगेली/पुलिस अधीक्षक भोजराज पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत जिले में गुम हुए बच्चों की बरामदगी और महिला संबंधी अपराधों के त्वरित निराकरण के लिए की जा रही कार्रवाई को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। प्राप्त निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत छाबड़ा तथा अनुविभागीय अधिकारी मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में मुंगेली पुलिस द्वारा लंबित महिला अपराध और लापता नाबालिगों के मामलों में निरंतर कार्रवाई की जा रही थी।
थाना मुंगेली में अपराध क्रमांक 486/2025 धारा 137(2) बीएनएस के तहत दर्ज एक मामले में प्रार्थिया ने 29 अक्टूबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अक्टूबर 2025 को उसकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को एक अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस टीम लगातार अपहृता और आरोपी की पतासाजी में जुटी हुई थी।
जांच के दौरान सायबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस टीम को भोपाल (मध्यप्रदेश) रवाना किया गया। वहां 8 नवंबर 2025 को पुलिस ने अवधपुरी थाना क्षेत्र की रॉयल क्रिस्टल कॉलोनी में एक झोपड़ी से नाबालिग अपहृता को आरोपी उमेश उर्फ विक्की राय (उम्र 19 वर्ष),निवासी नवागांव घुठेरा, थाना सिटी कोतवाली मुंगेली के कब्जे से बरामद कर लिया।
अपहृता का बयान और चिकित्सीय परीक्षण कराए जाने पर आरोपी द्वारा शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाकर ले जाना तथा लगातार दैहिक शोषण करना प्रमाणित पाया गया। इस आधार पर आरोपी के विरुद्ध धारा 87,64(1),64(2)(ड) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4,6 जोड़ी गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 10 नवंबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े,प्रधान आरक्षक दिलीप साहू,आरक्षक बालीराम ध्रुव,जलेश्वर कश्यप,रामकिशोर कश्यप,बसंत डाहिरे तथा महिला आरक्षक वृंदा पन्द्राम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मुंगेली पुलिस की यह सफलता न केवल ऑपरेशन मुस्कान की प्रभावशीलता को दर्शाती है बल्कि जिले में महिला और बाल सुरक्षा के प्रति पुलिस की गंभीरता का भी स्पष्ट प्रमाण है।




