मुंगेली/जिले की भाजपा संगठनात्मक गतिविधियों में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए पार्टी ने दो वरिष्ठ और सक्रिय नेताओं को जिला भाजपा में विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया है। जारी सूची के अनुसार भाजपा के वरिष्ठ नेता,पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष तथा पूर्व जिला भाजपा उपाध्यक्ष,किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिवप्रताप सिंह को जिला भाजपा में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नागेश्वर ठाकुर को भी जिला भाजपा में विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया है।
बताया जा रहा है कि यह नियुक्ति भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर की गई है। जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी द्वारा इस संबंध में सूची जारी की गई। इस निर्णय के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
शिवप्रताप सिंह लंबे समय से भाजपा संगठन और किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष और पूर्व जिला भाजपा उपाध्यक्ष के रूप में उनका अनुभव संगठन के लिए अहम माना जा रहा है। किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के रूप में भी उन्होंने किसानों की आवाज को लगातार मजबूती देने का काम किया है। पार्टी में उनकी सक्रियता, संगठन के प्रति निष्ठा और जमीनी पकड़ को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी प्रकार नागेश्वर ठाकुर भी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और सहकारिता प्रकोष्ठ में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के रूप में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। संगठन के भीतर उनकी सक्रिय भागीदारी,अनुभव और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत संपर्क को देखते हुए जिला भाजपा में उन्हें विशेष आमंत्रित सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव का लाभ पार्टी को संगठन विस्तार और समन्वय में मिलेगा।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा द्वारा वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को संगठन में नई जिम्मेदारी देना आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल संगठन को मजबूती मिलेगी,बल्कि जिले में पार्टी की सक्रियता भी और बढ़ेगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं की नियुक्ति पर खुशी जताते हुए इसे संगठन के लिए सकारात्मक फैसला बताया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि शिवप्रताप सिंह और नागेश्वर ठाकुर जैसे अनुभवी नेताओं के जुड़ाव से जिला भाजपा को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।



