मुंगेली/विष्णुदेव साय ने बुधवार को दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत प्रदेश के लाखों हितग्राहियों को बड़ी आर्थिक सौगात दी। बलौदाबाजार-भाटापारा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से डीबीटी के जरिए भूमिहीन कृषि मजदूरों के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि अंतरित की गई।
इस योजना के अंतर्गत मुंगेली जिले के 20 हजार 500 से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को सीधे उनके खातों में सहायता राशि प्राप्त हुई। मुख्यमंत्री साय ने हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि यह योजना गरीब मजदूर परिवारों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि संकल्प बजट 2026-27 में इस योजना के लिए 600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को स्थिरता,सम्मान और आत्मविश्वास मिलेगा।
जिला कलेक्टोरेट के जनदर्शन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और यह योजना गरीब मजदूरों के आर्थिक सशक्तिकरण में मील का पत्थर साबित होगी। जिला पंचायत अध्यक्ष कांत पांडेय ने कहा कि सरकार किसान से लेकर आमजन तक सभी की चिंता कर रही है और बच्चों की शिक्षा व संस्कार पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने भी संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह पहल समाज के सबसे कमजोर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस आर्थिक सहायता से मजदूर परिवारों को न केवल राहत मिलेगी बल्कि वे अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए भी कदम बढ़ा सकेंगे।
कलेक्टर कुंदन कुमार ने बताया कि प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता राशि से भूमिहीन मजदूरों को आर्थिक संबल मिल रहा है। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से शीघ्र पंजीयन कराने की अपील की। अपर कलेक्टर जी.एल. यादव ने जानकारी दी कि जिले की सभी तहसीलों में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को योजना से जोड़ा जा रहा है और पंजीयन प्रक्रिया लगातार जारी है।
हितग्राहियों को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान 17 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सरकार के प्रति आभार जताया। ग्राम मजगांव के तुलसीराम बंदे ने बताया कि वे इस राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई और घरेलू जरूरतों में करेंगे। ग्राम बलौदी के पवन तिवारी ने इसे परिवार के लिए बड़ा सहारा बताया। पलानसरी के विजय जांगड़े ने कहा कि इससे उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।
इसी प्रकार ग्राम करुपान के सुरेश कुमार साहू, ग्राम कोना के राम खांडे और महेंद्र कुमार साहू, ग्राम पीथमपुर के प्रकाश कुमार तथा ग्राम केशलीकला के रामलोचन जांगड़े सहित अन्य हितग्राहियों ने योजना को बेहद उपयोगी बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय,एसडीएम अजय शतरंज सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



