मुंगेली/खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले जिले में अवैध धान के भंडारण पर नकेल कसने प्रशासन सक्रिय हो गया है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर खाद्य विभाग और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को जिले के कई क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान विभिन्न गल्ला व्यापारियों के यहां बड़ी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहित धान बरामद किया गया जिसे मंडी अधिनियम के तहत जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला खाद्य अधिकारी एच के डड़सेना ने बताया कि निरीक्षण के दौरान थोक और चिल्हर गल्ला व्यापारियों के यहां भारी मात्रा में पुराना धान संग्रहित पाया गया। टीम ने मौके पर ही प्रकरण बनाते हुए धान को कब्जे में लिया।
कार्रवाई के दौरान जब्त किया गया धान इस प्रकार है—
पथरिया में ओम ट्रेडिंग (संचालक पार्वती डड़सेना) से 112 क्विंटल धान
डड़सेना ट्रेडर्स पथरिया (संचालक मेलाराम डड़सेना) से 97 क्विंटल धान
सारधा,लोरमी के संजय फूड ग्रेन से 150 क्विंटल धान
दुर्गा ट्रेडर्स,मुंगेली से 22 क्विंटल धान
डोंगरिया,लोरमी में रंगनाथ श्रीवास के यहां से 50 क्विंटल धान
अधिकारियों ने बताया कि यह धान नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से संग्रहित किया गया था। आगामी धान खरीदी सीज़न में कालाबाज़ारी और अवैध बिक्री पर रोक लगाने प्रशासन कड़ा रुख अपनाए हुए है। उन्होंने कहा कि जिले में ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और कोई भी व्यापारी या व्यक्ति अवैध भंडारण करते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से धान संग्रहण में पारदर्शिता बनाए रखने और किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने का संदेश स्पष्ट रूप से गया है।



