मुंगेली/नगर के स्थानीय राधाकृष्ण मंदिर में केशरवानी महिला समिति द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस और रंगपंचमी के पावन अवसर पर होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने ‘नारी शक्ति जिंदाबाद’ के नारों के साथ रंग-गुलाल उड़ाते हुए प्रेम,सौहार्द और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। ढोलक की थाप और होली गीतों के बीच पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत समिति की सचिव संध्या दीवान ने मंच संचालन करते हुए की और उपस्थित सदस्यों का स्वागत कर उन्हें अपने विचार रखने के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान महिला सदस्यों अनिता गुप्ता,जया गुप्ता,सपना गुप्ता,ज्योति गुप्ता,शुभलक्ष्मी केशरवानी,सीमा गुप्ता और विभा केशरवानी ने महिला दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के साहस, संघर्ष, प्रेम और समाज में उनके अमूल्य योगदान को सम्मान देने का अवसर है।
जया गुप्ता ने कहाकि इतिहास से लेकर वर्तमान तक महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी क्षमता सिद्ध की है। शिक्षा,खेल,विज्ञान,राजनीति और सेना में भी महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। भारत की नारी शक्ति की उपलब्धियां पूरे देश के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने मदर टेरेसा,इंदिरा गांधी,कल्पना चावला,सुनीता विलियम्स,पी.टी. ऊषा,सानिया मिर्जा,राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और सुष्मिता सेन जैसी महान महिलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनकी उपलब्धियां राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की परिवर्तनकारी भूमिका का सशक्त उदाहरण हैं।

वही अन्य वक्ताओं ने कहाकि आज की महिलाएं शिक्षा,राजनीति,खेल,विज्ञान और व्यापार जैसे हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। वे न केवल परिवार की जिम्मेदारियां निभा रही हैं,बल्कि देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण एक प्रगतिशील समाज की आधारशिला है और लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान समिति की अध्यक्ष ज्योति गुप्ता ने मनोरंजक खेलों का आयोजन भी कराया, जिसमें चिट के माध्यम से ‘यादगार होली’,‘मूर्खाधिराज’ और ‘महामूर्ख’ जैसे रोचक टाइटल दिए गए। इसके बाद ढोलक की थाप और डीजे पर राधा-कृष्ण के भजनों तथा प्रसिद्ध होली गीत “रंग बरसे भीगे चुनरवाली” की धुन पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में महिलाओं ने अपने-अपने घरों से बनाकर लाए पारंपरिक व्यंजन जैसे अनरसा,देवरौरी और गुजिया का भी आनंद लिया और आपस में गले मिलकर होली मिलन की बधाई दी।
इस अवसर पर मनोरमा गुप्ता,सुनीता गुप्ता,सुरेखा गुप्ता,ममता केशरवानी,सरोज गुप्ता,रंजीता,कविता,संध्या केशरवानी,सुलोचना,विजेता,स्मिता,कमलेश सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने महिला एकता, सम्मान और सामाजिक सौहार्द का संदेश देते हुए सभी को उत्साह और उल्लास से भर दिया।






