मुंगेली/रविवार को खेले गए टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर शानदार जीत दर्ज करते हुए तीसरी बार विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया। इस ऐतिहासिक जीत को लेकर पूरे देश में जश्न का माहौल देखने को मिला वहीं मुंगेली नगर में भी क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर रहा।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला के द्वारा नगर के पुराना बस स्टैंड स्थित परशुराम चौक के पास विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले का सीधा प्रसारण कराया गया। इस दौरान नगर के सैकड़ों नागरिकों ने एकत्रित होकर रोमांचक मुकाबले का आनंद लिया और भारतीय टीम का उत्साह बढ़ाया।
मैच की शुरुआत में हुए टॉस में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले भारत को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित ओवरों में 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम मात्र 159 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने 96 रन की शानदार जीत दर्ज कर टी-20 विश्व कप अपने नाम कर लिया।
आम जनता ने जीत के बाद जमकर मनाया उत्साह
जैसे ही भारत की जीत सुनिश्चित हुई, मुंगेली में मौजूद लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। लोगों ने तिरंगा लहराते हुए “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे लगाए। इसके साथ ही जमकर आतिशबाजी की गई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी गई।

नपा अध्यक्ष का फाइनल जीतने का दावा सच साबित हुआ
गौरतलब है कि इससे पहले महाशिवरात्रि के दिन खेले गए भारत-पाकिस्तान मुकाबले में भी भारत ने ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। उस समय नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने मीडिया से चर्चा करते हुए दावा किया था कि इस बार का विश्व कप भारत ही जीतेगा। रविवार को फाइनल में भारत की जीत के साथ उनका यह दावा सच साबित हुआ।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक गुप्ता,प्रेस क्लब सचिव योगेश शर्मा,समाजसेवी एवं शिक्षक रामपाल सिंह,पूर्व पार्षद संजय जायसवाल,युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश छेदइया,देवेंद्र वैष्णव,सूरज मंगलानी,आयुष शुक्ला,रविराज सिंह ठाकुर,संजय सिंह ठाकुर,प्रिंशु दुबे,दुर्गा प्रसाद तिवारी,राघवेन्द्र बब्बू ठाकुर,असद खोखर,राजा माणिक,आशीष यादव,सावन यादव,प्रवीण जैन,जय सोनी सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।




