
मुंगेली/चैत्र नवरात्रि एवं हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर नगर में निकाली गई भव्य शोभायात्रा के दौरान पूरे शहर में जबरदस्त उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। ढोल-ताशों और डीजे की धुन पर हर वर्ग के लोग थिरकते नजर आए, जिससे पूरा वातावरण भक्ति और उमंग से सराबोर हो गया।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला एवं उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने शोभायात्रा का भव्य और आत्मीय स्वागत किया। दोनों जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से आयोजन की गरिमा और बढ़ गई।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहाकि इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन ही सनातन संस्कृति के गौरव को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि यह शोभायात्रा हिंदू समाज की एकता और सामूहिक शक्ति का प्रतीक है,जो समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करती है।
वहीं नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने कहाकि यह आयोजन हर वर्ष नगर में परंपरागत रूप से किया जाता है,जिसमें हिंदू समाज के सभी वर्गों के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। यही निरंतरता और सहभागिता इस आयोजन को नगर की एक विशेष पहचान बना चुकी है।
शोभायात्रा के दौरान नगर के विभिन्न हिस्सों में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। श्रद्धालु पूरे जोश के साथ शामिल हुए और आयोजन को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाई। यह भव्य आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना,बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का भी संदेश देता नजर आया।




