
मुंगेली/स्थित मारवाड़ी मुक्तिधाम परिसर में जल व्यवस्था को सुदृढ़ और सुचारु बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। नगर पालिका परिषद के सहयोग से स्थापित नवीन ट्यूबवेल एवं पंपसेट का विधिवत उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में फीता काटकर किया गया। इस पहल से मुक्तिधाम परिसर में जल संकट की समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद जताई जा रही है।
जनसुविधा को प्राथमिकता
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा,वरिष्ठ पार्षद मोहन मल्लाह एवं पार्षद विनय चोपड़ा उपस्थित रहे। अतिथियों ने मुक्तिधाम जैसे संवेदनशील स्थल पर मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को अत्यंत आवश्यक बताते हुए नगर पालिका परिषद की इस पहल की सराहना की।
मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के समय जल की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक होती है। पूर्व में कभी-कभी जल संबंधी असुविधा का सामना करना पड़ता था,जिससे परिजनों को कठिनाई होती थी। नवीन पंपसेट के प्रारंभ होने से अब ऐसी समस्याओं से राहत मिलेगी और व्यवस्था अधिक व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।
समाज के प्रति जिम्मेदारी का निर्वहन
लोकार्पण के पश्चात अपने संबोधन में अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहाकि मुक्तिधाम एक अत्यंत संवेदनशील स्थल है,जहाँ मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना समाज और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस पंपसेट के शुरू होने से अंतिम संस्कार के समय जल की कोई कमी नहीं होगी तथा नगर पालिका भविष्य में भी मुक्तिधाम के विकास कार्यों को तत्परता से पूरा करती रहेगी,उन्होंने यह भी कहा कि नगर के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी सुविधाओं के विस्तार के लिए परिषद निरंतर प्रयासरत है और नागरिकों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
विकास के लिए निरंतर प्रयास
वरिष्ठ पार्षद मोहन मल्लाह ने अपने संबोधन में मुक्तिधाम समिति से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि मुक्तिधाम के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनसहयोग और परिषद के समन्वय से परिसर को और बेहतर बनाया जाएगा।
समिति ने जताया आभार
कार्यक्रम का सफल संचालन मारवाड़ी मुक्तिधाम समिति के महामंत्री नवरतन जैन ने किया,जबकि आभार प्रदर्शन समिति अध्यक्ष नरेन्द्र कोटड़िया द्वारा किया गया।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक कन्हैयालाल कोटड़िया,रवि पुराणिक सहित सक्रिय सदस्य राजकुमार जैन,संदीप चोपड़ा,दिनेश गोयल,अभिषेक लोढ़ा,गिरीश सुथार एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिक और दानदाता उपस्थित रहे।
नवीन ट्यूबवेल एवं पंपसेट की स्थापना से मुक्तिधाम परिसर में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है,जो नगर पालिका परिषद और समिति के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में एक सराहनीय कदम बताया।



