मुंगेली/नगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव द्वारा की गई घोषणा के अनुरूप स्वर्गीय निरंजन प्रसाद केशरवानी बाल वाटिका के जीर्णोद्धार कार्य की विधिवत शुरुआत कर दी गई है। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद बाल वाटिका का स्वरूप पूरी तरह से नया और आकर्षक दिखाई देगा जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ बच्चों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
योजना अधोसंरचना मद के अंतर्गत इस जीर्णोद्धार कार्य में कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल किए गए हैं। इसके तहत बाल वाटिका में बाउंड्री वॉल का निर्माण,पेवर ब्लॉक का कार्य,मूर्ति का उन्नयन,रेलिंग निर्माण,प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग),गार्डन का विकास एवं सुंदर प्रवेश द्वार का निर्माण किया जा रहा है। इस संपूर्ण कार्य के लिए 25.24 लाख रुपये की स्वीकृत राशि निर्धारित की गई है। निर्माण एजेंसी के रूप में मेसर्स अभिमान ट्रेडर्स अकलतरा को यह कार्य सौंपा गया है।
जीर्णोद्धार कार्य की प्रगति का जायजा लेने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला स्वयं स्थल पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित इंजीनियर से निर्माण कार्य की गुणवत्ता,समय-सीमा और तकनीकी पहलुओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। नगर पालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ कराए जाएं ताकि भविष्य में किसी प्रकार की शिकायत या समस्या उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान बाल वाटिका के आसपास खाद्य सामग्री की दुकान लगाने वाले दुकानदारों ने नगर पालिका अध्यक्ष से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं और स्थायी दुकान उपलब्ध कराने का निवेदन किया। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने उन्हें जल्द ही उचित निराकरण करने का आश्वासन दिया और भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।
इस अवसर पर मुंगेली के पूर्व विधायक चंद्रभान बारमते,शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक गुप्ता,नीरज यादव,सतीश तंबोली,प्रतीक पाण्डेय (उप अभियंता,नगर पालिका) उपस्थित रहे। सभी ने बाल वाटिका के जीर्णोद्धार कार्य को नगर के सौंदर्यीकरण और जनसुविधा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
बाल वाटिका के जीर्णोद्धार से न केवल नगर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि यह स्थान बच्चों,परिवारों और आम नागरिकों के लिए एक सुरक्षित,स्वच्छ और आकर्षक मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित होगा।



