मुंगेली/नगर के बलानी चौक के पास उस समय हड़कंप मच गया जब नाले के किनारे जमा कचरे में अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे आसपास के रहवासियों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत जनप्रतिनिधियों को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पार्षद प्रतिनिधि मकबूल खान ने तत्परता दिखाते हुए नगर पालिका परिषद के सीएमओ होरी सिंह ठाकुर को अवगत कराया। सूचना मिलते ही सीएमओ ने बिना देर किए फायर ब्रिगेड को मौके पर भेजा,जिसके चलते समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
बलानी चौक के पास रहने वाले नरेश शुक्ला ने बताया कि नाले के पास लंबे समय से कचरा जमा था,जिसमें अचानक आग लग गई। यदि समय पर सूचना न दी जाती और प्रशासन सक्रिय न होता,तो आग आसपास के घरों तक पहुंच सकती थी।
वहीं पार्षद प्रतिनिधि मकबूल खान ने नगर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की सजगता के कारण आज एक बड़ी अनहोनी टल गई। उन्होंने इसके लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान पूर्व पार्षद संजय जायसवाल,वरिष्ठ अधिवक्ता मनीष चौबे,नरेश शुक्ला,झीलेश देवांगन,जलेश देवांगन,पंकज जोशी,नगर पालिका इंजीनियर विद्यानंद यादव सहित मोहल्ले के कई लोग मौके पर मौजूद रहे। सभी के सामूहिक प्रयास और सतर्कता से स्थिति को नियंत्रण में लाया जा सका।



