मुंगेली/मुंगेली विकासखंड के ग्राम डोंडा में आयोजित श्रीराम चरित मानस सम्मेलन एवं यज्ञ,संत सम्मेलन तथा नवधा रामायण कार्यक्रम में शनिवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। धार्मिक आयोजन में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला विशेष रूप से शामिल हुए और संतों के श्रीमुख से रामकथा श्रवण कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान जगतगुरु श्री धीरेन्द्राचार्य जी महाराज के ओजस्वी एवं आध्यात्मिक प्रवचनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन,धर्म,सेवा और मानव कल्याण के संदेश को विस्तार से बताते हुए समाज में नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों की सराहना करते हुए कहाकि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा,संस्कार और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने संत-महात्माओं का आशीर्वाद लेकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर सोम वैष्णव,देवेन्द्र वैष्णव,सृजन सोनी,प्रीतम साहू,असद खोखर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति गीतों,रामनाम संकीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
गौरतलब है कि ग्राम डोंडा में यह भव्य धार्मिक आयोजन 22 फरवरी से 2 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है,जिसमें देशभर के ख्यातिप्राप्त संत एवं प्रवचनकर्ता शामिल होकर रामकथा एवं धर्म प्रवचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं,जिससे पूरा क्षेत्र राममय वातावरण में सराबोर हो गया है।






