मुंगेली/नगर पालिका क्षेत्र के शिवाजी वार्ड में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई। वार्ड के पार्षद सूरज यादव एवं कांग्रेस जिला महामंत्री संजय यादव के नेतृत्व में वार्डवासियों को डस्टबिन वितरित किए गए। इस अभियान के तहत लगभग 200 डस्टबिन बांटे गए,जिससे क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
“स्वच्छ भारत–स्वच्छ नगर” के संकल्प को साकार करने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में वार्डवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डस्टबिन प्राप्त करने के बाद स्थानीय लोगों ने पार्षद सूरज यादव द्वारा किए जा रहे स्वच्छता कार्यों की खुलकर प्रशंसा की और इसे वार्ड को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में एक अनुकरणीय पहल बताया। वार्डवासियों ने पार्षद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ती है और लोग जिम्मेदारी से कचरा प्रबंधन की ओर प्रेरित होते हैं।
नगर पालिका क्षेत्र के शिवाजी वार्ड में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए जागरूकता और सामूहिक दवा सेवन (MDA) अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में वार्ड पार्षद सूरज यादव के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय रूप से शामिल हुई।
फाइलेरिया दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य कर्मियों ने वार्डवासियों को घर-घर जाकर दवा का सेवन कराया और इस बीमारी से बचाव एवं रोकथाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाली गंभीर बीमारी है,जिससे हाथ-पैरों में सूजन और विकलांगता जैसी समस्या हो सकती है।
स्वास्थ्य टीम ने नागरिकों से अपील की कि वे बिना डर और संकोच के फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन करें,क्योंकि यह पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है। साथ ही साफ-सफाई रखने,मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने,आसपास पानी जमा न होने देने और मच्छरदानी के उपयोग की सलाह भी दी गई।
पार्षद सूरज यादव ने कहा कि फाइलेरिया को जड़ से खत्म करने के लिए सभी लोगों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने वार्डवासियों से आग्रह किया कि वे नियमित रूप से स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन करें और सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लें।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने दवा का सेवन किया और फाइलेरिया मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। स्वास्थ्य विभाग ने भी भविष्य में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाने की बात कही,ताकि इस बीमारी पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सके।
इस अवसर पर कांग्रेस जिला महामंत्री संजय यादव,पार्षद सूरज यादव,वरिष्ठ कांग्रेसी नेता चंदू आर्य सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और डस्टबिन का नियमित उपयोग करने की अपील भी की गई।







