मुंगेली/नगर पालिका क्षेत्र में निर्माणाधीन गौरवपथ कार्य की गति अब तेज़ होती नज़र आ रही है। कुछ दिन पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की धीमी प्रगति पर नाराज़गी जताई थी। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे। आदेश जारी होने के बाद ठेकेदार द्वारा कार्य में तेजी लाने की बात कही गई थी, लेकिन वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए अध्यक्ष ने देर रात एक बार फिर स्थल का औचक निरीक्षण किया।
रात में पहुंचे निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष श्री शुक्ला ने गौरवपथ निर्माण कार्य को तेज़ गति से चलते हुए देखकर संतोष जाहिर किया। उन्होंने मौके पर मौजूद सुपरवाइजर व श्रमिकों को कार्य को और बेहतर समन्वय के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
अध्यक्ष श्री शुक्ला ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी भी दी कि यदि कार्य में लापरवाही बरती गई या गुणवत्ता से समझौता किया गया,तो संबंधित ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर की प्रमुख परियोजनाओं में गुणवत्ता और समय सीमा दोनों ही सर्वोच्च प्राथमिकता पर हैं।
नगरवासियों के लिए गौरवपथ एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जिसके पूरा होने से यातायात सुगम होगा और शहर की सुंदरता में भी वृद्धि होगी। देर रात निरीक्षण और तीव्रगति से काम देखकर यह उम्मीद जताई जा रही है कि यह परियोजना जल्द ही अपने निर्धारित समय में पूरी हो जाएगी।




