मुंगेली/नगर के विकास और सौंदर्यीकरण को नई गति देने के उद्देश्य से प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। अघोरसंरचना मद के अंतर्गत नगर के पांच प्रमुख स्थानों पर भव्य स्वागत द्वारों के निर्माण हेतु कुल 3 करोड़ 63 लाख 73 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस स्वीकृति के बाद संबंधित ठेकेदार द्वारा मुंगेली–रायपुर मुख्य मार्ग पर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेने नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने और समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि स्वागत द्वार न केवल नगर की पहचान को सुदृढ़ करेंगे,बल्कि शहर की सुंदरता में भी चार चांद लगाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जाना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान पार्षद संजय चंदेल,संबंधित ठेकेदार के कर्मचारी एवं सुपरवाइजर भी उपस्थित रहे। सभी को आपसी समन्वय के साथ कार्य को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
नगरवासियों में इस परियोजना को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। भव्य स्वागत द्वारों के निर्माण से मुंगेली नगर को एक नई पहचान मिलेगी और आने वाले समय में यह नगर के विकास की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।





