मुंगेली/नगर के लिए आगामी 19 नवंबर एक विशेष और गौरवपूर्ण अवसर लेकर आने वाला है। इस दिन पुराने बस स्टैंड परिसर में स्थापित भगवान परशुराम जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में होगा। उनके मुंगेली आगमन को लेकर जिला ब्राह्मण समाज द्वारा जोरदार स्वागत की तैयारियाँ की जा रही हैं।
डिप्टी सीएम के इस महत्वपूर्ण प्रवास को शहर के लिए और भी खास बनाने वाली एक बड़ी उम्मीद जुड़ी है,नगर पालिका शाला का नामकरण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय पंडित हीरालाल दुबे जी के नाम पर किए जाने की संभावना। लंबे समय से लंबित इस प्रस्ताव की सभी प्रशासनिक औपचारिकताएँ पूर्ण कर ली गई हैं और नगर पालिका परिषद भी प्रस्ताव पारित कर चुकी है। केवल आधिकारिक घोषणा होना बाकी है, जिसकी उम्मीद इस कार्यक्रम के दौरान जताई जा रही है।
जानकार सूत्रों के अनुसार,भगवान परशुराम प्रतिमा के अनावरण जैसा पवित्र और महत्वपूर्ण आयोजन वह अवसर हो सकता है जब डिप्टी सीएम अरुण साव नगर पालिका शाला का नामकरण स्वतंत्रता सेनानी पंडित हीरालाल दुबे के नाम पर करने की घोषणा कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है,तो यह न केवल स्वतंत्रता सेनानी के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा,बल्कि ब्राह्मण समाज और शहर के गौरव में भी महत्वपूर्ण वृद्धि मानी जाएगी।
यह भी उल्लेखनीय है कि मुंगेली उप मुख्यमंत्री अरुण साव का गृहनगर है, ऐसे में स्थानीय ब्राह्मण समाज और शहरवासियों की उम्मीदें उनसे और भी बढ़ जाती हैं। समाज का कहना है कि यदि डिप्टी सीएम अपने ही शहर में इस महत्वपूर्ण घोषणा को अंजाम देते हैं तो यह ऐतिहासिक पल बन जाएगा और समाज के प्रति उनका सम्मान भी प्रकट होगा।
ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि भगवान परशुराम जी की प्रतिमा का अनावरण और संभावित नामकरण—दोनों ही कार्य समाज के लिए अत्यंत गर्व का विषय होंगी। समाज ने इस अवसर को भव्य और यादगार बनाने की पूरी तैयारी कर ली है।
19 नवंबर को मुंगेली में होने जा रहा यह आयोजन न केवल धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा बल्कि स्थानीय इतिहास में भी स्वर्णाक्षरों में दर्ज होने की उम्मीद है।



