मुंगेली/दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में एक भाजपा नेता के फार्म हाउस स्थित खेत में कथित रूप से अफीम की खेती किए जाने के आरोपों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस मामले के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के द्वारा गुरुवार को भाजपा कार्यालय का घेराव करने की रणनीति बनाई है। इसी सिलसिले में जिला प्रशासन द्वारा कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी के चैंबर में आयोजित की गई,जिसमें कांग्रेस नेताओं ने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की पूरी रूपरेखा प्रशासन के सामने रखी। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने बताया कि भाजपा नेता द्वारा फार्म हाउस में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने का मामला गंभीर है जिसके विरोध में कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को यह भी आश्वस्त किया कि उनका विरोध प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और कानून व्यवस्था का पालन करते हुए किया जाएगा। प्रशासन ने भी नेताओं से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की।
बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष घनश्याम वर्मा,नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक गुप्ता,जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीकांत भास्कर,अभिलाष सिंह,पार्षद अजय साहू,पार्षद कुलदीप पाटले,मुकेश मिरी,दद्दू मल्लाह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वही प्रशासन की ओर से एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी,अति.पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा,एसडीएम अजय शतरंज,तहसीलदार कुणाल पाण्डेय,सिटी कोतवाली प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य मामले को लेकर जनआवाज उठाना है और प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा।




