मुंगेली/मुंगेली को जिला बने लगभग 12 साल का समय बीत जाने के बावजूद मुंगेली आज भी सिटी बस सेवा से वंचित है। शासन की स्वीकृति और अधिसूचना जारी होने के बावजूद अब तक सिटी बस सेवा शुरू नहीं हो पाई है। इससे आम नागरिकों में शासन और प्रशासन के प्रति आक्रोश व्याप्त है।
शहर के निरंतर विस्तार और शैक्षणिक संस्थानों,सरकारी कार्यालयों तथा व्यावसायिक गतिविधियों के बढ़ने के बावजूद नागरिकों को आवागमन के लिए निजी वाहनों और महंगे ऑटो रिक्शों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। समय पर बस या ऑटो न मिलने पर यात्रियों को मनमाने किराए चुकाने पड़ते हैं।
शहर के प्रमुख मार्गों पर लंबे समय से उठ रही मांग
मुंगेली के आम जनता द्वारा पण्डरिया मार्ग,रायपुर मार्ग,बिलासपुर मार्ग,लोरमी मार्ग,नवागढ़ मार्ग,रामगढ़ मार्ग और लालपुर मार्ग पर सिटी बस सेवा प्रारंभ करने की मांग लंबे समय से की जा रही है।
इन मार्गों पर स्कूल,कॉलेज,आईटीआई,पॉलिटेक्निक,लाइवलीहुड कॉलेज,रोजगार कार्यालय,कृषि महाविद्यालय,नवोदय विद्यालय,कस्तूरबा स्कूल जैसे कई शैक्षणिक संस्थान स्थित हैं,जहाँ प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं आना-जाना करते हैं।
बिलासपुर नगर निगम को मिली थी जिम्मेदारी,लेकिन नहीं हुआ क्रियान्वयन
पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक पुन्नूलाल मोहले के कार्यकाल में सिटी बस योजना को स्वीकृति मिल चुकी थी। शासन ने इसका संचालन बिलासपुर नगर निगम को सौंपा था,किंतु नगर निगम की लापरवाही के कारण यह योजना अब तक धरातल पर नहीं उतर पाई है।
प्रमुख सरकारी संस्थान भी बस सेवा से वंचित
रायपुर मार्ग पर एसएनजी कॉलेज,विज्ञान महाविद्यालय,राज्य आपूर्ति निगम कार्यालय और पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम तक पहुँचने में लोगों को भारी दिक्कतें आती हैं।
वहीं बिलासपुर मार्ग पर करही स्थित कलेक्टोरेट,तहसील कार्यालय,रजिस्ट्री कार्यालय,जिला पंचायत,बीज निगम कार्यालय और धरमपुरा के विभिन्न विभागों में रोजाना बड़ी संख्या में कर्मचारी और नागरिक पहुंचते हैं। इन सभी मार्गों पर यात्रियों की भारी भीड़ रहती है,लेकिन नियमित सवारी सुविधा नहीं है।
जनता बोली:बस सेवा शुरू हो तो बचेगा समय और पैसा
नागरिकों का कहना है कि सिटी बस सेवा शुरू होने से यात्रा सस्ती और सुगम हो जाएगी। सिटी बस में टैक्स नहीं देना पड़ता, जिससे किराया लगभग 50 प्रतिशत तक कम हो सकता है। यह सेवा आम जनता, विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए राहत भरी साबित होगी।
विधायक बोले:जल्द शुरू कराने का प्रयास
विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि “सिटी बस सेवा शुरू करने में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए शासन और संबंधित विभागों से चर्चा की जाएगी। जल्द ही यह सेवा प्रारंभ करने का प्रयास किया जाएगा,ताकि जिले के नागरिकों को सुविधा मिल सके।”
बहरहाल..मुंगेली की जनता 12 वर्षों से जिस सिटी बस सेवा का इंतजार कर रही है,वह आज भी केवल “स्वीकृति” तक सीमित है। प्रशासनिक उदासीनता और जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता के कारण यह महत्वपूर्ण योजना अब तक अधर में लटकी हुई है। जनता अब शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठी है।



