मुंगेली/प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान 2026 का शुभारंभ 12 मार्च 2026 से मुंगेली नगर पालिका क्षेत्र में प्रभावी रूप से किया गया है। इसी कड़ी में आज रामगोपाल तिवारी वार्ड में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया,जहां बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योजना का लाभ उठाया।
शिविर में वार्ड पार्षद एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने उपस्थित नागरिकों को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं को बकाया बिलों में राहत देना और उन्हें आसान किस्तों में भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस पहल से आम नागरिकों को आर्थिक बोझ से काफी राहत मिलेगी और वे बिना दबाव के अपने बकाया का निपटारा कर सकेंगे।
इस अवसर पर बिजली विभाग के अधिकारी मनोज वर्मा ने भी इस योजना के अलावा लोगों को पीएम सूर्य घर योजना की भी जानकारी दी। उन्होंने सोलर पैनल लगाने के फायदे बताते हुए नागरिकों को इस योजना से जुड़ने और अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान कई वार्डवासियों के बिजली बिलों का मौके पर ही निराकरण किया गया,जिससे लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। पात्र हितग्राहियों को तुरंत योजना का लाभ मिलने से शासन की इस पहल की सराहना भी की गई।
शिविर में अवधेश पाठक,पूर्व पार्षद सत्यनारायण ‘सत्तू’ सोनी,गोकुलेश सिंह,राजू सोनी,गौरी सोनी,राहुल पाठक,मनोज मिश्रा,कौशल साहू,अनिल मिश्रा,प्रमोद साहू,पुष्पराज सोनकर,अजय यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं बिजली विभाग के अधिकारी मनोज वर्मा,अजय शर्मा,रीडर अखिलेश यादव,लोकनाथ ध्रुव सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
शिविर में भारी संख्या में वार्डवासियों ने भाग लेकर योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त की और इसका लाभ उठाया,जिससे यह स्पष्ट हुआ कि इस योजना के प्रति लोगों में जागरूकता और भरोसा तेजी से बढ़ रहा है।




