मुंगेली/धान खरीदी में करोड़ों के अनाज घोटालों की खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं। इसी कड़ी में मुंगेली जिले से एक बड़ा मामला उजागर हुआ है,जहां धान खरीदी केन्द्र तरवरपुर में भारी अनियमितता का खुलासा हुआ है। सहायक आयुक्त सहकारिता एवं सहायक पंजीयक मुंगेली की जांच रिपोर्ट के आधार पर लगभग 65 लाख रुपये मूल्य के धान की गड़बड़ी सामने आई है।
प्रार्थी सुमरनदास मानिकपुरी,शाखा प्रबंधक,जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर,शाखा सेतगंगा ने थाना फास्टरपुर में दिनांक 07 अक्टूबर 2025 को लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच में पाया गया कि वर्ष 2024-25 में तरवरपुर धान खरीदी केन्द्र में कुल 39,767.20 क्विंटल धान खरीदा गया था,जिसमें से 36,404.36 क्विंटल धान परिदान (भेजा गया) किया गया था।
परंतु 3,362.84 क्विंटल धान ऑनलाईन दर्शित पाया गया जबकि भौतिक जांच में केवल 2,094.64 क्विंटल धान कम पाया गया। प्रति क्विंटल 3,100 रुपये की दर से यह कुल 65,02,684 रुपये का धान गायब निकला।
इस गड़बड़ी के लिए धान खरीदी प्रभारी सरजूराम बघेल जिम्मेदार पाया गया। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी ने जानबूझकर धान में हेराफेरी कर धोखाधड़ी एवं अमानत में ख्यानत का अपराध किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में त्वरित कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ की गई और मूल जांच दस्तावेज जब्त किए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के घर ग्राम फंदवानी कापा में दबिश दी। आरोपी ने भागने की कोशिश की,लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धान खरीदी रजिस्टर जब्त किया और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दिनांक 08 अक्टूबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी फास्टरपुर गिरीजा शंकर यादव,सउनि विजय बंजारे,आरक्षक तीजराम यादव,अतुल सिंह,बुंदेल पटेल सहित थाना फास्टरपुर के पूरे स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही



