मुंगेली/विकासखंड के ग्राम बुधवारा में आगर नदी पर प्रस्तावित एनीकट निर्माण का भूमिपूजन शनिवार को केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू द्वारा विधिवत किया गया। लगभग 3 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह 60 मीटर लंबा एनीकट क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।
यह एनीकट न केवल ग्राम बुधवारा और दुल्लापुर के बीच सुगम आवागमन सुनिश्चित करेगा,बल्कि दोनों गांवों के बीच की दूरी को भी कम करेगा। इससे ग्रामीणों को दैनिक आवागमन,कृषि कार्यों और आपात स्थितियों में बड़ी सुविधा मिलेगी।
परियोजना का एक बड़ा लाभ भू-जल रिचार्ज के रूप में सामने आएगा। एनीकट के निर्माण से गर्मी के मौसम में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा,जिससे क्षेत्र में जलस्तर में सुधार होगा। इसके साथ ही ग्राम सेमरकोना से अमरटापू तक जल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी,जिससे किसानों को सिंचाई के लिए स्थायी जल स्रोत मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि एनीकट निर्माण से बुधवारा एवं आसपास के गांवों में पानी की स्थायी उपलब्धता सुनिश्चित होगी,सिंचाई रकबे का विस्तार होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देगी।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता हेमेन्द्र सिंह ने जानकारी दी कि एनीकट के निर्माण से लगभग 41 हेक्टेयर रबी एवं 41 हेक्टेयर खरीफ फसलों के सिंचित क्षेत्र में वृद्धि होगी,जिससे कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय सुधार आने की संभावना है।
इस अवसर पर मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले,जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकमल सिंह,जिला पंचायत सदस्य रजनी मानिक सोनवानी,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल,जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय,मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज,जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता हेमेंद्र सिंह सहित जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी,जिले के जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने इस परियोजना को क्षेत्र के लिए एक दूरदर्शी और जनहितकारी कदम बताया।
कुल मिलाकर,आगर नदी पर बनने वाला यह एनीकट कृषि,जल संरक्षण और ग्रामीण संपर्क—तीनों ही क्षेत्रों में विकास की मजबूत नींव रखने जा रहा है।



