मुंगेली/नगर पालिका क्षेत्र के विनोबाभावे वार्ड एवं कालीमाई वार्ड में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने बुधवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्डवासियों ने लंबे समय से जाम पड़ी नाली की गंभीर समस्या उनके सामने रखी। बताया गया कि करीब 15 से 20 वर्षों से नाली जाम होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बहता था,जिससे क्षेत्र में दुर्गंध फैलती थी और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने तत्काल सफाई टीम को निर्देश दिए। उनके निर्देश पर मौके पर ही नाली सफाई का कार्य शुरू किया गया और जाम नाली को साफ कराया गया। नाली की सफाई होते ही वार्डवासियों ने राहत की सांस ली और नगर पालिका प्रशासन के त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने महाराणा प्रताप वार्ड के पेंडाराकापा मार्ग में लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए,ताकि जनता को बेहतर और टिकाऊ सड़क सुविधा मिल सके।
इस दौरान महाराणा प्रताप वार्ड के पार्षद कुलदीप पाटले,विनोबाभावे वार्ड के पार्षद दिलीप सोनी,पार्षद रामकिशोर देवांगन,लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर गौतम साहू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। नगर पालिका अध्यक्ष ने लोगों की समस्याएं सुनते हुए तत्काल समाधान करने पर वार्डवासियों ने आभार जताया



