मुंगेली/जिला पंचायत के अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय ने अपने कार्यकाल का एक वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर क्षेत्रवासियों के नाम एक भावनात्मक और आभार व्यक्त करने वाला संदेश जारी किया है। 25 मार्च 2025 को पदभार ग्रहण करने के बाद से बीते इस एक वर्ष को उन्होंने अपने जीवन का “स्वर्णिम समय” बताते हुए इसे जनता के विश्वास और सहयोग का परिणाम बताया।
श्रीकांत पांडेय ने कहाकि मुंगेली की देवतुल्य जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी,वह उनके लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय,केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू,उप मुख्यमंत्री अरुण साव,नगर विधायक पुन्नूलाल मोहले,प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन एवं भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व,वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और जिला पंचायत के साथी सदस्यों का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से ही वे इस जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभा पाए हैं।
अपने संदेश में पांडेय ने साफ शब्दों में कहा कि वे खुद को एक पारंपरिक राजनेता नहीं,बल्कि एक समर्पित जनसेवक मानते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे हमेशा सरल,सहज और सुलभ रहकर क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहेंगे।
विकास कार्यों को लेकर उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में जो विकास की धारा शुरू हुई है, उसे और तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने यह भी दोहराया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।
अपने संदेश के अंत में श्रीकांत पांडेय ने क्षेत्र की जनता और पार्टी नेतृत्व से भविष्य में भी मार्गदर्शन,सहयोग और आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से मुंगेली जिले को विकास के नए आयाम तक पहुंचाया जा सकेगा।



