मुंगेली/में श्री रामनवमी एवं महावीर जन्म कल्याणक उत्सव सप्ताह के अवसर पर मुक्तिधाम सेवा समिति द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए नगर के मारवाड़ी मुक्तिधाम में दो दिवसीय स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य पूरे क्षेत्र को स्वच्छ,सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना है साथ ही समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना भी है।
बुधवार को इस अभियान की शुरुआत नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला द्वारा की गई। उन्होंने स्वयं मुक्तिधाम परिसर में झाड़ू लगाकर और सफाई कार्य में भाग लेकर श्रमदान किया। उनके इस प्रयास ने उपस्थित लोगों को प्रेरित किया और सभी ने मिलकर पूरे परिसर की साफ-सफाई में योगदान दिया।

इस अवसर पर समाज के कई गणमान्य नागरिक और सेवाभावी लोग उपस्थित रहे जिनमें नरेंद्र कोटडिया,रामू चोपड़ा,प्रवीण लोढ़ा,किशोर छाजेड,पूर्व पार्षद संजय ठाकुर (साधु),जय सोनी,अभिषेक जैन,विष्णु साहू,नारायण साहू,श्री राम साहू,वेदराम सोनकर,प्रभात डाहीरे,दिलीप साहू,शकील खान,दीपक कोटड़िया सहित अन्य लोग शामिल थे।
स्वच्छता अभियान के दौरान सभी ने एकजुट होकर मुक्तिधाम परिसर की साफ-सफाई की और यह संदेश दिया कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। समिति के सदस्यों ने बताया कि ऐसे आयोजन आगे भी जारी रहेंगे,ताकि समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो सके।
यह अभियान न केवल स्वच्छता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है,बल्कि सामाजिक एकता और सेवा भाव का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।



