मुंगेली/सर्व ब्राह्मण परिषद द्वारा आगामी 29 मार्च को नगर के सामाजिक भवन में समाज के बटुकों का उपनयन संस्कार आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन को लेकर समाज के लोगों में उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।
इसी क्रम में सर्व ब्राह्मण परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा के निवास पहुंचकर उनसे शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधियों ने उन्हें आयोजन की विस्तृत जानकारी दी और कार्यक्रम में सहभागिता हेतु आमंत्रित किया।
इस अवसर पर नपा उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने आयोजन की सराहना करते हुए अपनी सहमति व्यक्त की और सहयोग स्वरूप 7100 रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने परिषद द्वारा किए जा रहे इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्य की प्रशंसा करते हुए सभी आयोजकों को अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।
प्रतिनिधिमंडल में सर्व ब्राह्मण परिषद की महिला नगर अध्यक्ष निधि पौराणिक,राहुल पाठक सहित समाज के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
समाजजनों का कहना है कि यह उपनयन संस्कार न केवल धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम है,बल्कि नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। आयोजन को लेकर नगर में सकारात्मक माहौल बना हुआ है।



