मुंगेली/असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उदित राज के जन्मदिवस के अवसर पर मुंगेली जिले में सेवा और संवेदना का प्रेरणादायी आयोजन किया गया। इस अवसर पर असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आनंद सोनी के नेतृत्व में स्थानीय वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों को फल एवं मिठाई का वितरण किया गया तथा उन्हें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
इस दौरान जिला अध्यक्ष आनंद सोनी ने कहा कि डॉ. उदित राज का पूरा जीवन सामाजिक न्याय,श्रमिकों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाना ही उनके विचारों को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि समाज के बुजुर्ग हमारे अनुभव और संस्कारों की धरोहर हैं,उनकी सेवा करना हम सभी का कर्तव्य है।
वृद्धाश्रम में मौजूद बुजुर्गों ने इस आत्मीय पहल के लिए संगठन के कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और भावुक होकर आशीर्वाद भी दिया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने बुजुर्गों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनके साथ समय बिताया,जिससे माहौल भावनात्मक और सौहार्दपूर्ण बना रहा।
इस सेवा कार्यक्रम में पूर्व पार्षद संजय सिंह ठाकुर,नौशाद खान,रसीद खान,काकू पठान,राजू सोनी,राजशेखर सोनी,दुर्गेश साहू,नवीन साहू,रिकेश साहू सहित असंगठित कामगार एवं मजदूर कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सामाजिक सेवा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
अंत में संगठन की ओर से यह संदेश दिया गया कि भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर किए जाएंगे,ताकि समाज के हर वर्ग तक सहयोग और सम्मान की भावना पहुंच सके।






