मुंगेली। मितानिन दिवस के शुभ अवसर पर मुंगेली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोदवा बानी में एक गरिमामय सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि मंजीत रात्रे की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्राम की सभी मितानिन बहनों को उनके महत्वपूर्ण सेवाभाव, समर्पण और ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था में निभाई जा रही जिम्मेदारियों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सरपंच प्रतिनिधि मंजीत रात्रे ने सभी मितानिन दीदियों को साड़ी और श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया तथा अंतर्राष्ट्रीय मितानिन दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि मितानिन बहनें गांव की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं, जो मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य,टीकाकरण,पोषण और विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी गाँव के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने इनके अथक परिश्रम और सेवा भावना के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ग्राम सचिव विष्णु सिंह राजपूत, लमितानिन प्रमिला डहरिया,माधुरी जायसवाल,नंदिनी साहू, हेमकुमार डहरिया सहित ग्राम पंचायत के अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्रामवासियों ने भी मितानिन बहनों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ प्रदान कीं।
मितानिन दिवस का यह कार्यक्रम सामाजिक एकजुटता और स्वास्थ्य जागरूकता का सुंदर उदाहरण बनकर ग्रामीणों के मन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता नजर आया।






