मुंगेली/कांग्रेस भवन मुंगेली में कांग्रेस जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर एक भव्य संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के गौरवशाली इतिहास,उसकी विचारधारा तथा देश के लोकतांत्रिक निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। संगोष्ठी में वक्ताओं ने कांग्रेस के संघर्ष,त्याग और राष्ट्र निर्माण में निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका को याद करते हुए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया।
इस अवसर पर कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस देश की आज़ादी से लेकर आज तक लोकतंत्र,संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रही है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा गरीबों,किसानों,मजदूरों,महिलाओं और युवाओं की आवाज़ को मजबूती से उठाया है।वही पूर्व विधायक चंद्रभान बारमते ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आज़ादी की लड़ाई से लेकर संविधान निर्माण और लोकतंत्र की मजबूती तक हर मोर्चे पर देश का नेतृत्व किया है। पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष थानेश्वर साहू ने कांग्रेस की समावेशी सोच और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
पूर्व जिला अध्यक्ष श्याम जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा आज भी उतनी ही प्रासंगिक है,जितनी स्वतंत्रता संग्राम के समय थी। वहीं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी संजीत बनर्जी ने युवाओं से कांग्रेस के मूल सिद्धांतों को अपनाकर लोकतंत्र की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने अपने उद्बोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं,बल्कि एक मजबूत विचारधारा है। उन्होंने कहा,“कांग्रेस पार्टी हमारा परिवार है,जहां हर वर्ग,हर समाज और हर व्यक्ति को साथ लेकर चलने की परंपरा रही है।”


कार्यक्रम में केशशिल्प बोर्ड के पूर्व सदस्य धनुष सेन,पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमेंद्र गोस्वामी,अशोक चंद्राकर,दीपक गुप्ता,देवेंद्र वैष्णव,नरेश पाटले,पुरुषोत्तम मार्को सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
संगोष्ठी का समापन राष्ट्र निर्माण में कांग्रेस की भूमिका को स्मरण करते हुए तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के संदेश के साथ हुआ। इस कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस जिला सेवादल के अध्यक्ष दिलीप बंजारा ने किया



