मुंगेली/लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने नगर के एंड्रूज वार्ड स्थित पुलपारा छठघाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घाट परिसर का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को छठ महापर्व के मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने विशेष रूप से छठघाट एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई,प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि महापर्व के दौरान घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है,ऐसे में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। घाट परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के साथ पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उल्लेखनीय है कि रविवार से प्रारंभ होने जा रहे छठ महापर्व को लेकर नगर में भी विशेष उत्साह का माहौल है। मुंगेली में बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस महापर्व को पूरे विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ मनाते हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रतधारी महिलाएं एवं पुरुष भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि,संतान की खुशहाली एवं परिवार के कल्याण की कामना करते हैं।
छठ पूजा के अवसर पर एंड्रूज वार्ड पुलपारा स्थित छठघाट में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के साथ ही आम नागरिक भी इस पावन अनुष्ठान को देखने के लिए घाट पर जुटते हैं। ऐसे में नगर पालिका द्वारा की जा रही तैयारियां श्रद्धालुओं की सुविधा और महापर्व की गरिमा के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा कि छठ महापर्व आस्था,पवित्रता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। नगर पालिका का प्रयास है कि इस पावन अवसर पर छठ व्रतधारियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं,ताकि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों और श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुविधाजनक वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।



