मुंगेली/नेटबॉल खेल संघ छत्तीसगढ़ एवं जिला नेटबॉल संघ धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय सब जूनियर बालक एवं बालिका नेटबॉल प्रतियोगिता में मुंगेली जिले के खिलाड़ी भी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन 14 एवं 15 नवंबर 2026 को धमतरी में किया जाएगा। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मुंगेली जिले की चयनित बालक एवं बालिका टीम का गठन किया गया है।
प्रतियोगिता को लेकर जिले के युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। चयनित खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन दिया जा रहा है,ताकि वे बेहतर खेल प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित कर सकें। राज्य स्तरीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलने से खिलाड़ियों में भी उत्साह और आत्मविश्वास का माहौल है।
मुंगेली जिला नेटबॉल संघ के संरक्षक एवं नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,सेंट जेवियर्स हाई स्कूल मुंगेली के प्राचार्य शुभेंदु मंडल,संघ के अध्यक्ष सचिन मसीह,उपाध्यक्ष रामनाथ जायसवाल,सचिव स्वप्निल चुनेकर एवं संतराम यादव ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है,बल्कि इससे अनुशासन,आत्मविश्वास,टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। खिलाड़ियों को पूरे आत्मविश्वास,खेल भावना और मेहनत के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।
अंडर-14 बालक वर्ग में इन खिलाड़ियों का हुआ चयन
मुंगेली जिला नेटबॉल संघ द्वारा जारी चयनित खिलाड़ियों की सूची में अनिरुद्ध पांडेय,श्रेयांश घृतलहरे,अभिनव यादव,सक्षम यादव,दीपांशु डडसेना,हिमांशु ध्रुव,श्रेयांश कश्यप,प्रज्ज्वल नेताम,पार्थ शुक्ला,मनु साहू एवं आराध्य सोनी शामिल हैं।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने सभी चयनित खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलना गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी पूरी लगन,मेहनत और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लें तथा बेहतर प्रदर्शन कर मुंगेली जिले का नाम रोशन करें।
जिला नेटबॉल संघ ने भी सभी चयनित खिलाड़ियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि मुंगेली की टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित करेगी।



