श्रीराम दरबार की जीवंत झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र,भव्य आतिशबाजी ने मोहा मन,उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्टेडियम की लाइटिंग व्यवस्था के लिए की 50 लाख रुपये की घोषणा
मुंगेली/असत्य पर सत्य की विजय,अधर्म पर धर्म की जीत और बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक महापर्व विजयादशमी (दशहरा) को मुंगेली नगर में धूमधाम,उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में तीन प्रमुख स्थानों पर दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया,जहां विशालकाय रावण के पुतलों का दहन कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। तीनों ही आयोजनों में भगवान श्रीराम दरबार की जीवंत झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने श्रीराम,लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूपों का विधिवत पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं,रंग-बिरंगी आतिशबाजी,धार्मिक प्रस्तुतियों और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा नगर राममय हो उठा।
वीर शहीद धनंजय सिंह राजपूत स्टेडियम में 55 फीट के रावण का दहन
नगर में दशहरा उत्सव का पहला प्रमुख आयोजन वीर शहीद धनंजय सिंह राजपूत स्टेडियम में दशहरा उत्सव समिति के तत्वावधान में किया गया। यहां 55 फीट ऊंचे विशाल रावण के पुतले का दहन किया गया। कार्यक्रम में भगवान श्रीराम दरबार की जीवंत झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। आयोजन के दौरान अतिथियों ने श्रीराम,लक्ष्मण एवं हनुमान जी के स्वरूपों का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इसके पश्चात रावण दहन किया गया साथ में कुम्भकर्ण और मेघनाथ के पुतले का भी दहन किया गया। विशाल रावण के दहन के साथ ही पूरा स्टेडियम जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। भव्य आतिशबाजी ने आयोजन की रौनक और बढ़ा दी।
कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दीं। अपने उद्बोधन में उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों,सत्य की विजय और समाज में सद्भाव एवं सकारात्मकता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें सत्य,धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा,कर्तव्य,त्याग और आदर्श शासन का प्रतीक है,जिनसे प्रत्येक व्यक्ति को प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस अवसर पर अरुण साव ने वीर शहीद धनंजय सिंह राजपूत स्टेडियम में फ्लड लाइट के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा से स्टेडियम में भविष्य में आयोजित होने वाले खेल,सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित होने की उम्मीद जताई गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा केवल रावण दहन का आयोजन नहीं,बल्कि अपने भीतर मौजूद अहंकार,क्रोध,ईर्ष्या और बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लेने का अवसर है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाकर ही एक बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने नगरवासियों से आपसी भाईचारे,सद्भाव और एकता के साथ पर्व मनाने का आह्वान किया।
इस आयोजन में पूर्व विधायक चंद्रभान बारमते,पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल सोनी,नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी,जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष घनश्याम वर्मा,वरिष्ठ भाजपा नेता गिरीश शुक्ला,एल्डरमैन संजय वर्मा,एल्डरमैन अमितेश विज्जू आर्य,वरिष्ठ पार्षद अरविन्द वैष्णव,शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक गुप्ता,पूर्व पार्षद संजय जायसवाल,पार्षद सूरज यादव,दिलीप सोनी,जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष संजय यादव,शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष स्वतंत्र मिश्रा,मकबूल खान,लोकराम साहू,राघवेंद्र बब्बू ठाकुर एवं वैभव ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुनील पाठक ने किया तथा आभार प्रदर्शन पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष शैलेष पाठक ने किया।
बड़ा बाजार में भी हुआ 50 फिट के विशाल रावण दहन
विजयादशमी के अवसर पर नगर का दूसरा प्रमुख आयोजन बड़ा बाजार स्थित मैदान में बड़ा बाजार दशहरा उत्सव समिति के द्वारा किया गया। यहां भी 50 फिट के विशाल रावण के पुतले का दहन किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए और पूरे उत्साह के साथ दशहरा पर्व मनाया।
इस आयोजन में भी भगवान श्रीराम दरबार की जीवंत झांकी सजाई गई,जिसका अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजन-अर्चन किया। श्रीराम,लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूपों के दर्शन कर लोगों ने सुख-समृद्धि और नगर की खुशहाली की कामना की। रावण दहन के दौरान उपस्थित लोगों ने जय श्रीराम के जयघोष के साथ असत्य पर सत्य की विजय का उत्सव मनाया।
कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल सोनी तथा नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला की उपस्थिति रही। इस अवसर पर पूर्व विधायक चंद्रभान बारमते ने अपने उद्बोधन में विजयादशमी के धार्मिक,सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व हमें अन्याय और अधर्म के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य,मर्यादा,त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है। उन्होंने नगरवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने अपने उद्बोधन में कहा कि दशहरा हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। यह हमें सिखाता है कि चाहे बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो,अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है। उन्होंने नगरवासियों को पर्व की बधाई देते हुए मुंगेली की सुख-समृद्धि, विकास और खुशहाली की कामना की।
आयोजन को सफल बनाने में पूर्व पार्षद केशव यादव,जग्गू सिंह ठाकुर एवं सिद्धू यादव की सराहनीय भूमिका रही। समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
रेस्ट हाउस मैदान में युवाओं की टोली का भव्य आयोजन,श्रीराम दरबार की जीवंत झांकी ने मोहा मन
नगर में विजयादशमी का तीसरा और सबसे भव्य आयोजन युवाओं की टोली श्रीराम दशहरा उत्सव समिति के तत्वावधान में डॉ. भानू प्रताप गुप्ता चौक के पास स्थित रेस्ट हाउस मैदान में किया गया। आयोजन में नगरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे मैदान में उत्सव का माहौल देखने को मिला और श्रद्धालुओं ने धार्मिक आस्था एवं उल्लास के साथ विजयादशमी का पर्व मनाया।आयोजन में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से रामायण के प्रमुख घटनाओं का प्रसारण किया गया वही भव्य आतिशबाजी आकर्षण का विशेष केंद्र रहा
इस आयोजन में भी भगवान श्रीराम दरबार की आकर्षक जीवंत झांकी प्रस्तुत की गई। अतिथियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने श्रीराम,लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूपों का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इसके बाद 51 फिट के विशाल रावण का दहन का आयोजन हुआ। आतिशबाजी और जय श्रीराम के गगनभेदी जयघोष के बीच उपस्थित लोगों ने असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक इस पर्व का आनंद लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमेंद्र गोस्वामी रहे। इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल सोनी ने अपने उद्बोधन में विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा हमें जीवन में सत्य,सदाचार और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कर समाज में प्रेम,भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने आयोजन समिति और युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमेंद्र गोस्वामी ने अपने उद्बोधन में कहा कि विजयादशमी भारतीय संस्कृति का ऐसा पर्व है,जो प्रत्येक व्यक्ति को बुराइयों का त्याग कर अच्छाई के मार्ग पर चलने का संदेश देता है। भगवान श्रीराम का चरित्र आदर्श जीवन,मर्यादा,कर्तव्य और जनकल्याण की प्रेरणा देता है। उन्होंने नगरवासियों को विजयादशमी की बधाई देते हुए मुंगेली में सुख,शांति,समृद्धि और सामाजिक एकता की कामना की। उन्होंने आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए युवाओं की टोली और आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा,चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम आर्य,वरिष्ठ पार्षद अरविन्द वैष्णव,पूर्व पार्षद लक्ष्मी छेदइया,मनुराज सोनी,प्रिंस गोस्वामी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आयोजक मंडल में प्रीतेश अज्जू आर्य,राजेश छेदइया,अक्षय लहरें,रोमी अग्रवाल,इमरान खोखर,बंशी भटवानी,राहुल रूपवानी एवं यश ठाकुर सहित समिति के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में पत्रकारगण,व्यापारीगण और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।
तीनों आयोजनों में दिखा धार्मिक उत्साह,सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का संगम
मुंगेली नगर में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित तीनों प्रमुख दशहरा उत्सवों में एक समान रूप से भगवान श्रीराम दरबार की जीवंत झांकी का पूजन-अर्चन किया गया। इससे आयोजन में धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक वातावरण का विशेष संचार हुआ। रावण दहन के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि जीवन में सत्य,धर्म,न्याय और सदाचार का मार्ग ही सर्वोत्तम है।
तीनों स्थानों पर जनप्रतिनिधियों,सामाजिक कार्यकर्ताओं,व्यापारियों,युवाओं और आम नागरिकों की सहभागिता ने पर्व को विशेष बना दिया। धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव और सामूहिक सहभागिता की झलक भी देखने को मिली। मुंगेली में धूमधाम से मनाया गया विजयादशमी का पर्व नगरवासियों के लिए उत्साह,उमंग और उल्लास का यादगार अवसर बन गया।



