मुंगेली/शहर की बदहाल जनसमस्याओं,विकास कार्यों में हो रही भारी देरी और प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ शहर कांग्रेस कमेटी मुंगेली ने मोर्चा खोल दिया है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने होरी सिंह ठाकुर CMO,नगर पालिका परिषद मुंगेली को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर 13 सूत्रीय मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की है।
कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर इन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई,तो उग्र जनआंदोलन किया जाएगा और नगर पालिका कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।वही इस दौरान भारी संख्या में पुलिसबल भी तैनात रहे
ज्ञापन में उठाई गईं 13 प्रमुख मांगें:
नगर पालिका अध्यक्ष के अधिकारों का संरक्षण:निर्वाचित अध्यक्ष के अधिकारों के हनन को रोककर उन्हें वैधानिक एवं प्रशासनिक अधिकार पूर्ण रूप से प्रदान किए जाएं।
PIC का गठन:प्रेसीडेंट-इन-काउंसिल (PIC) के गठन में हो रही प्रशासनिक देरी को समाप्त कर नियमानुसार जल्द स्वीकृति दी जाए।
अवैध निर्माण व अतिक्रमण पर रोक:शहर के अधिकांश वार्डों,नदियों,नहरों और नालों में जारी अवैध निर्माण तथा अतिक्रमण पर तत्काल त्वरित कार्रवाई की जाए।
निजी भूमि पर निर्माण पर रोक:पेंडाराकापा स्थित भारत माता मंदिर के पास की निजी स्वामित्व की जमीन पर नगर पालिका द्वारा कोई भी निर्माण (समतलीकरण,बाउंड्रीवाल,गार्डन आदि) न किया जाए।
प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि जारी हो:जिन पात्र हितग्राहियों के आवास पूर्ण हो चुके हैं,उनकी रुकी हुई राशि का तत्काल भुगतान किया जाए।
गौरव पथ निर्माण की जांच:निर्माणाधीन गौरव पथ के कार्य की धीमी गति पर रोक लगाकर गुणवत्ता की जांच की जाए और भ्रष्टाचार मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों/ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाए।
अवैध कब्जों से मुक्ति:शहर में शासकीय व सार्वजनिक भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों की जांच कर उन्हें कब्जामुक्त कराया जाए।
अधूरे विकास कार्य पूर्ण हों:सड़क,नाली,प्रकाश और सफाई व्यवस्था से जुड़े लंबे समय से लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए।
स्मार्ट टॉयलेट की मरम्मत:बंद व खराब पड़े स्मार्ट टॉयलेट को चालू कराकर नियमित सफाई एवं रखरखाव की व्यवस्था की जाए।
राशन कार्ड समस्याओं का निराकरण:राशन कार्ड बनाने,नाम जोड़ने व सुधारने के लंबित मामलों को जल्द निपटाया जाए।
पेंशन योजनाओं का समय पर भुगतान:वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन के लंबित मामलों का त्वरित निराकरण कर हितग्राहियों को नियमित पेंशन दी जाए।
बेरोजगार भत्ता व श्रद्धांजलि राशि:बेरोजगार युवाओं के सहायता प्रकरणों तथा पात्र परिवारों को मिलने वाली श्रद्धांजलि सहायता राशि का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित हो।
मूलभूत सुविधाओं में सुधार:सभी वार्डों में नियमित सफाई, नाली सफाई,कचरा उठाव और स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था की जाए।
15 दिनों का अल्टीमेटम और उग्र आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन के अंत में शहर कांग्रेस कमेटी ने पालिका प्रशासन को 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि तय समयसीमा में जनहित की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया,तो नगर पालिका कार्यालय के समक्ष तालाबंदी आंदोलन किया जाएगा,जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक गुप्ता,श्याम जायसवाल,दिलीप बंजारा,आत्मा सिंह क्षत्रिय,इंद्रजीत कुर्रे,जलेश यादव,जीतू श्रीवास्तव,आरिफ खोखर,श्री ठाकुर,नीरज यादव,आनंद सोनी,सूरज मंगलानी,सालिक राम,जय सोनी,उर्मिला यादव,अनीता विश्वकर्मा,ललिता सोनी,मंजू शर्मा,नूरजहां खान,साधना वर्मा,वैशाली सोनी,निधि ठाकुर,भूपेंद्र देवांगन,निजाम खान,लक्ष्मी धृतलहरे,राजू सोनी,असद खान,अमन ठाकुर,रामकिंकर,मोहित,रिजुराज सोनी,हारून तवर,राम तलरेजा सहित कांग्रेस कार्यकर्ता भारी संख्या में उपस्थित रहे

नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने उठाए जनहित से जुड़े कई गंभीर सवाल,बोले:शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना जरूरी
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने नगर पालिका क्षेत्र में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर नगर पालिका प्रशासन के समक्ष कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा आम जनता के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन पात्र हितग्राहियों को इन योजनाओं का समय पर लाभ नहीं मिल पाने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रथम चरण के तहत स्वीकृत आवासों में करीब 88 हितग्राहियों को अब तक किस्त की राशि प्राप्त नहीं हुई है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के दूसरे चरण में 534 आवास स्वीकृत हुए हैं,लेकिन इनमें से करीब 60 आवास अभी भी वेटिंग में बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आवास जैसी महत्वपूर्ण योजना में हितग्राहियों को समय पर राशि उपलब्ध कराना आवश्यक है,ताकि वे अपने पक्के मकान का निर्माण पूरा कर सकें।
इसी तरह राशनकार्ड से जुड़ी समस्या को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाया। रोहित शुक्ला के अनुसार नगर में करीब 450 ऐसे लोग हैं,जिनके राशनकार्ड बिना उनकी जानकारी के सूची से हट गए हैं,जिसके कारण उन्हें राशन मिलना बंद हो गया है। वहीं करीब 56 लोगों ने नवीन राशनकार्ड बनवाने के लिए नगर पालिका में आवेदन किया है,लेकिन खाद्य विभाग का पोर्टल बंद होने के कारण उनके राशनकार्ड नहीं बन पा रहे हैं।
उन्होंने अंत्योदय राशनकार्ड धारियों के राशन में कटौती का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि जिन हितग्राहियों को पेंशन मिल रही है,उनके राशन में मिलने वाले चावल की मात्रा में कटौती की जा रही है। उन्होंने इस व्यवस्था को लेकर संबंधित विभाग से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
नगर पालिका अध्यक्ष ने श्रद्धांजलि योजना के लाभ को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्र में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर शासन की इस योजना के तहत उनके परिजनों को त्वरित आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का प्रावधान है लेकिन पात्र परिवारों को इसका लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका परिषद क्षेत्र में पिछले तीन माह से वृद्धावस्था पेंशन,विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन का लाभ भी हितग्राहियों को नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री पेंशन योजना एवं सुखद सहारा योजना के तहत नगर पालिका परिषद को मिलने वाला फंड भी लंबे समय से जारी नहीं होने की बात उन्होंने कही। इसके चलते बड़ी संख्या में जरूरतमंद हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा कि शासन द्वारा आम जनता के लिए जो भी योजनाएं संचालित की जा रही हैं,उनका उद्देश्य तभी पूरा होगा,जब उनका लाभ वास्तविक और पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे। उन्होंने संबंधित विभागों और नगर पालिका प्रशासन से इन सभी मामलों का निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की।
वही नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह ठाकुर ने कहाकि शहर कांग्रेस कमेटी के द्वारा विभिन्न मांगो को लेकर ज्ञापन दिया गया है जिसका अवलोकन कर परीक्षण करते हुए नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी



