मुंगेली/प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष एवं संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा का सोमवार को बिलासपुर से मुंगेली में प्रथम नगर आगमन हुआ। उनके आगमन को लेकर जिला कांग्रेस एवं महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। संगीता सिन्हा के साथ कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव,तखतपुर की पूर्व विधायक रश्मि आशीष सिंह ठाकुर,सहकारी बैंक बिलासपुर के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद नायक सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मुंगेली पहुंचे।
संगीता सिन्हा का काफिला नगर में प्रवेश करने के बाद सबसे पहले कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचा,जहां जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-ताशों और आतिशबाजी के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान मुंगेली विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी संजीत बनर्जी,लोरमी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी थानेश्वर साहू एवं नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष हेमेन्द्र गोस्वामी सहित कांग्रेस नेताओं ने भी उनका आत्मीय अभिनंदन किया।
कलेक्ट्रेट परिसर में स्वागत के बाद संगीता सिन्हा ने संविधान निर्माता भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उनका काफिला सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ नगर के बाबा गुरु घासीदास चौक पहुंचा। यहां जिला सेवादल अध्यक्ष दिलीप बंजारा एवं महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष हेमिन मंगेशकर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। संगीता सिन्हा ने बाबा गुरु घासीदास की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद पुलपारा में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष संजय यादव एवं पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र मिश्रा के नेतृत्व में उनका स्वागत किया गया। वहीं पुराना बस स्टैंड में शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक गुप्ता एवं नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-ताशों और आतिशी स्वागत के साथ संगीता सिन्हा का अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
बालानी चौक में पूर्व पार्षद संजय जायसवाल एवं प्रदेश उर्दू अकादमी के पूर्व सदस्य एजाज खोखर के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इसके बाद महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष उर्मिला रमेश यादव के नेतृत्व में महिलाओं द्वारा स्कूटी रैली निकाली गई। संगीता सिन्हा स्वयं स्कूटी चलाते हुए रैली में शामिल हुईं और नगर भ्रमण करते हुए कांग्रेस भवन पहुंचीं।
बड़ी गजमाला और खुमरी पहनाकर किया अभिनंदन
कांग्रेस भवन में महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित स्वागत एवं सभा कार्यक्रम में संगीता सिन्हा का महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं द्वारा बड़ी गजमाला एवं खुमरी पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस दौरान नगर पालिका के पार्षदों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगीता सिन्हा ने अपने प्रथम नगर आगमन पर मिले भव्य स्वागत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुंगेली में पहली बार आने पर जिस तरह से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने उन्हें प्यार और आशीर्वाद दिया है,उससे वह अभिभूत हैं।
सरकार की नीतियों पर संगीता सिन्हा ने साधा निशाना
अपने संबोधन में संगीता सिन्हा ने प्रदेश सरकार की नीतियों को लेकर कांग्रेस के दृष्टिकोण को सामने रखा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की माताएं-बहनें और आम नागरिक सरकार की नीतियों से परेशान हैं। उन्होंने महतारी वंदन योजना और बिजली बिल का उल्लेख करते हुए सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को एक हजार रुपये देकर वाहवाही ले रही है,वहीं दूसरी ओर स्मार्ट मीटर के नाम पर बढ़े हुए बिजली बिल आने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार की योजनाओं का अपेक्षित लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है।
संगीता सिन्हा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में आम उपभोक्ताओं को हाफ बिजली बिल योजना का लाभ मिलता था,लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद इस योजना को बंद कर दिया गया।
उन्होंने कांग्रेस शासनकाल में किसानों के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी,कम्पोस्ट खाद,गोबर खरीदी तथा नरवा,गरुवा,घुरवा,बाड़ी जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से किसानों सहित विभिन्न वर्गों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया था। उन्होंने वर्तमान महंगाई को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई से लोगों के घर का बजट प्रभावित हुआ है।
कांग्रेस की सरकार बनाने का लिया संकल्प
संगीता सिन्हा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मिलकर जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएं और आने वाले समय में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए काम करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी एकजुट होकर आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का संकल्प लें।
कार्यक्रम का सफल संचालन पूर्व जिला पंचायत सदस्य जागेश्वरी वर्मा ने किया और महिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिता विश्वकर्मा ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर चंद्रभान बारमते,श्याम जायसवाल,लक्ष्मीकांत भास्कर,मुकेश मिरी,अरविंद वैष्णव,दिलीप सोनी,संजय चंदेल,कुलदीप पाटले,रवि कोशले,सूरज यादव,मकबूल खान,तारर्णी विश्वकर्मा,जित्तु श्रीवास्तव,श्रीनिवास ठाकुर,उमेश धृतलहरे,सूर्यपाल लक्की गर्ग,नीरज यादव,देवेन्द्र वैष्णव,असद खोखर,कृष्णा सोनी,जलेश यादव,इंद्रजीत कुर्रे,आनंद सोनी,राजू सोनी,जाहिदा बेगम,मनोरमा गुप्ता,सोनी जांगड़े,राम किशुन,मनमोहन सिंह,अमर परिहार,मायारानी सिंह ठाकुर,लतारानी वैष्णव,कृष्णा बघेल,मंजू शर्मा,ललिता सोनी,नूरी खान,बिंदु यादव,निधि पौराणिक,निधि ठाकुर,खुशबू वैष्णव,गौरी सोनकर,सम्मति राजपूत एवं पिनाक डहरिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी,महिला कांग्रेस कार्यकर्ता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



