मुंगेली/नगर पालिका क्षेत्र के गांधी वार्ड में गोल बाजार जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से खराब पड़े बोर के कारण वार्डवासियों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। बोर खराब होने से आसपास के लोगों को पानी के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। वार्डवासियों की समस्या को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला एवं वार्ड पार्षद विनय चोपड़ा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खराब बोर को शीघ्र दुरुस्त कराने के लिए नगर पालिका के कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अध्यक्ष एवं पार्षद के निर्देश के बाद नगर पालिका के कर्मचारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर खराब बोर को दुरुस्त करने का कार्य किया गया। बोर के सुधार कार्य के बाद क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को लेकर बनी परेशानी का समाधान होने से वार्डवासियों को राहत मिली।
देर रात मौके पर पहुंचे नगर पालिका अध्यक्ष
बोर सुधार कार्य की स्थिति एवं वार्डवासियों को मिल रही सुविधा का निरीक्षण करने नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला देर रात स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद नगर पालिका कर्मचारियों से कार्य की जानकारी ली और बोर की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यह भी देखा कि सुधार कार्य के बाद वार्डवासियों को पेयजल की समस्या से राहत मिल रही है या नहीं।
नगर पालिका अध्यक्ष के देर रात मौके पर पहुंचने से वार्डवासियों में भी संतोष देखा गया। स्थानीय लोगों का कहना था कि लंबे समय से खराब पड़े बोर के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन समस्या की जानकारी मिलने के बाद नगर पालिका स्तर पर पहल करते हुए बोर को दुरुस्त कराया गया।
पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर पालिका गंभीर
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा कि शहर के नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। पेयजल से जुड़ी किसी भी समस्या को लेकर वार्डवासियों को परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
वहीं वार्ड पार्षद विनय चोपड़ा ने भी बोर खराब होने से वार्डवासियों को हो रही परेशानी को देखते हुए इसके सुधार के लिए पहल की। बोर के दुरुस्त होने के बाद क्षेत्र के लोगों को पेयजल संकट से राहत मिली है।
इस दौरान योगेश शर्मा,राजेंद्र गुप्ता,प्रभात गुप्ता,निशु केशरवानी सहित नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।



